मुख्य मार्ग पर भरा पानी बन रहा मुसीबत, ग्रामीण और राहगीर हो रहे परेशान
कुजाय गांव से आगर गांव के रास्ते का मामला
देवरी क्षेत्र के कुजाय गांव में मुख्य मार्ग पर बारिश के समय में जल भराव हो रहा है
देवरी। देवरी क्षेत्र के कुजाय गांव में मुख्य मार्ग पर बारिश के समय में जल भराव हो रहा है। जिसके चलते आसपास रहने वाले लोगों के अलावा यहां से होकर गुजरने वाले राहगीरों को रोज नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीण शिवदयाल मेहता, प्रमोद मेहता, विनोद मेहता सहित कई ने बताया कि गांव से होकर पक्की सड़क आगर, संदोकडा सहित करीब आधा दर्जन गांवो के लिए जाती है। इस सड़क पर रोज वाहनों की आवाजाही रहती है। यहां बारिश के दिनों में हर साल मुख्य सड़क पर पानी भरा रहता है। जिसके कारण यहां से गुजरने वाले लोग पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं।
पानी में गिरकर वाहन चालक हो रहे चोटिल
वहीं मार्ग से आने वाले वाहन चालक अधिक पानी भरा होने की स्थिति में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। यहां पर पानी निकासी नहीं होने के चलते लोगों को समस्या बारिश के दिनों में बनी रहती है।
पनप रहे मच्छर, बीमारियों का खतरा
साथ ही गांव के पास पानी भरा होने के चलते मच्छर और मक्खी पनप रहे हैं। जिससे बीमारियों का खतरा भी ग्रामीणों को बना हुआ है। इस बात की जानकारी सभी जलप्रीनिधियों को देने के बाद भी समस्या का समाधान अभी तक नहीं कराया है। ग्रामीणों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मुख्य मार्ग पर हो रहे जल भराव से जल निकासी करने की मांग की है।
मुख्य मार्ग पर कीचड़ और जल भराव होने से यहां से गुजरने वाली 2 ग्राम पंचायत के सैकड़ों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अगर पानी निकासी की व्यवस्था कर दी जाए तो लोगों को राहत मिलेगी।
- शिवदयाल मेहता, समाजसेवी कुजाय
यहां सड़क पर जल भराव बारिश के दिनों में बना रहता है। साथ ही कीचड़ भी हो रहा है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के चलते आए दिन दुर्घटना होती रहती हैं।
- प्रमोद मेहता, ग्रामीण, कुजाय
बारिश के दिनों में हमेशा पानी भरा होने के कारण यहां भारी दुर्गंध का सामना लोगों को करना पड़ता है। साथ ही मच्छर मक्खी पनप रहे हैं। जिसके कारण यहां आसपास रहने वाले लोगों को बीमारी का खतरा भी बना हुआ है।
- विनोद मेहता, ग्रामीण, कुजाय
ग्रामीणों ने सड़क के आसपास अतिक्रमण कर रखा है जिसके चलते पानी निकासी की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। जल्द ही ग्रामीणों से समझाइश कर पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।
- नरेश नागर, कनिष्ठ अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, शाहाबाद

Comment List