सीनियर विद्यालय के खेल मैदान में दलदल होने से छात्र-छात्राएं परेशान
लाखेरी राजकीय विद्यालय का मामला: बरसात के दिनों में फिसलन से विद्यार्थी हो रहे चोटिल
बरसात के दिनों में फिसलन से विद्यार्थी हो रहे चोटिल।
लाखेरी। राजकीय सीनियर माध्यमिक विद्यालय आज खुद प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। यहां बरसात के दिनों में खेल मैदान में दलदल जमा होने से छात्र-छात्राओं को हर दिन जोखिम उठाकर कक्षा तक पहुंचना पड़ता है। विद्यालय के खेल मैदान में पसरी गंदगी और कीचड़ के कारण कई बार छात्र-छात्राएं फिसलने से चोटिल हुए है। शिक्षकों और कॉलेज के स्टॉफ को भी इस समस्या से रूबरू होना पड़ रहा है। कई बार कपड़े खराब होने और चोट लगने के डर से छात्राएं विद्यालय नहीं जाकर घर लौट जाती हैं। जानकारी के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के कार्य के दौरान प्रशासन ने आमजन को भरोसा दिलाया था, कि विद्यालय मैदान में स्टेडियम का निर्माण कार्य करवाया जाएगा, लेकिन आज भी हालात जस के तस बने हुए है। न मैदान सुधरा, न स्टेडियम बना। मैदान में रिजेक्ट मिट्टी डालकर मैदान को दलदल बना दिया है।
उच्च अधिकारियों को करवाया अगवत
विद्यालय और महाविद्यालय के प्राचार्यों ने इस समस्या के बारे में कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। मैदान की हालत ऐसी है कि न तो बच्चे खेल सकते हैं, न सुरक्षित रूप से पढ़ने जा सकते हैं।
इस समस्या को उच्च अधिकारी व शहर के प्रशासनिक अधिकारी को अवगत कराया जा चुका है ताकि बारिश के दिनों में इस समस्या से निजात मिल सके।
- दिनेश शुक्ला, महाविद्यालय प्राचार्य, लाखेरी
हर वर्ष होने इस समस्या के बारे में पहले भी संबंधित विभाग को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
- राजेन्द्र मीणा, प्रिंसिपल, राजकीय सीनियर विद्यालय,लाखेरी

Comment List