सहकारिता विभाग के 98.56 प्रतिशत परिवादों का निस्तारण, औसतन 13 दिन में हो रहा समाधान
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जयपुर। राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने बुधवार को कॉल सेंटर पहुंचकर परिवादों की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त, पंजीकरण, पुनः सत्यापन, खाद वितरण और गेहूं खरीद भुगतान से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। डॉ. शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से डीग के परिवादी भगवानदास और दौसा के प्रेमराज से संवाद किया। दोनों ने किसान सम्मान निधि की किस्त नहीं मिलने की समस्या बताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सवाई माधोपुर में खाद की अनुपलब्धता और झालावाड़ में गेहूं का भुगतान नहीं मिलने की शिकायतों पर भी त्वरित समाधान के निर्देश दिए। 98.56 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण विभाग से संबंधित अब तक 2,01,393 परिवाद दर्ज हुए हैं। इनमें से 1,98,493 का निस्तारण किया जा चुका है।
शिकायतों के समाधान में औसतन 13 दिन लग रहे हैं। किसान सम्मान निधि की किस्त से संबंधित 1,74,732 शिकायतों में से 1,72,647 का निस्तारण हुआ है। डॉ. शर्मा ने परिवाद निस्तारण को तेज करने के लिए संपर्क कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रणाली के उपयोग और अधिकारियों को प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया।

Comment List