एसओजी की पेपर लीक मामलों में कार्रवाई जारी, पटवारी भर्ती मामले में हर्षवर्धन सेवा से बर्खास्त
कई दोषियों पर कार्रवाई हो चुकी
राजस्थान सरकार की जीरो टोलरेंस नीति के तहत पेपर लीक मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जयपुर। राजस्थान सरकार की जीरो टोलरेंस नीति के तहत पेपर लीक मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की तत्परता से कई दोषियों पर कार्रवाई हो चुकी है, जिससे अन्य सरकारी कर्मचारियों को सख्त संदेश दिया जा रहा है। एसओजी और एटीएस के एडीजी वी.के. सिंह की प्रभावी निगरानी के कारण राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
पटवारी भर्ती मामले में दौसा जिले के सरगना हर्षवर्धन को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। दौसा कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने यह कार्रवाई की है। इससे पहले, जेईएन भर्ती परीक्षा 2020 में हर्षवर्धन को नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया था। हर्षवर्धन की पत्नी सरिता मीणा भी एसआई भर्ती परीक्षा 2021 में गड़बड़ी के कारण पहले ही बर्खास्त की जा चुकी हैं। सरिता ने अपनी जगह एक डमी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठाकर सफलता प्राप्त की थी।
एडीजी वी.के. सिंह के अनुसार अब तक एसआई भर्ती परीक्षा में लिप्त 45 सहित कुल 86 सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त या सेवा से पृथक किया जा चुका है। इसके अलावा, 189 अन्य राज्यकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच प्रक्रियाधीन है। यह कठोर कार्रवाई दर्शाती है कि राज्य सरकार पेपर लीक मामलों में किसी भी तरह की ढील नहीं बरत रही है।
Comment List