दिल्ली में खराब मौसम और एयर ट्रैफिक कंजेशन, 3 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट
एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और स्टार एयर शामिल
जयपुर। दिल्ली एयरपोर्ट पर खराब मौसम और एयर ट्रैफिक कंजेशन के चलते विमानों की लैंडिंग प्रभावित हो रही है। इसके कारण दिल्ली जाने वाली तीन फ्लाइट को जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और स्टार एयर की उड़ानें शामिल हैं। अचानक हुए इस बदलाव के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट भुवनेश्वर से दिल्ली जा रही थी। दिल्ली में लैंडिंग नहीं हो पाने के कारण इसे जयपुर डायवर्ट किया गया। इसी तरह स्टार एयर की फ्लाइट नांदेड़ से गाजियाबाद जा रही थी, जिसे भी जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया।
इससे पहले एयर इंडिया की भोपाल-दिल्ली फ्लाइट को भी जयपुर डायवर्ट करना पड़ा था। दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंजेशन के चलते विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद फ्लाइट को सुरक्षित जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से क्लीयरेंस मिलने के बाद विमान दोबारा दिल्ली के लिए रवाना हुआ। यह फ्लाइट करीब एक घंटे बाद दिल्ली लौट गई। दिल्ली में मौसम की खराब स्थिति और विमानों की आवाजाही के दबाव के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ रहा है।

Comment List