एसओजी की बड़ी कार्रवाई, जगदीश विश्नोई के लिए पेपर सॉल्व करने वाला इनामी आरोपी गिरफ्तार
28 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा
जयपुर। राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक प्रकरण में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पेपर लीक गिरोह के सरगना जगदीश विश्नोई के लिए लीक पेपर सॉल्व करने वाले आरोपी मनोहर लाल मांजू को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एसओजी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि प्रकरण संख्या 10/2024 में अनुसंधान के दौरान सामने आया कि 14 सितंबर 2021 को आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा की दोनों पारियों के प्रश्नपत्र जयपुर के शांतिनगर, हसनपुरा स्थित रविन्द्र बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल से परीक्षा से पहले लीक किए गए थे। इस मामले में जगदीश विश्नोई ने अपने सहयोगियों पंकज चौधरी उर्फ यूनिक भाम्बू, शिवरतन मोट और अन्य के साथ मिलकर पेपर लीक करने की साजिश रची थी।
जांच के अनुसार, लीक हुए दोनों प्रश्नपत्रों को जयपुर के रंगोली गार्डन स्थित एक फ्लैट में मनोहर लाल मांजू ने प्रवीण विश्नोई, प्रवीण परावा, राजीव विश्नोई और अन्य के साथ मिलकर सॉल्व किया था। इसके बाद जगदीश विश्नोई ने व्हाट्सऐप के जरिए सॉल्व पेपर अपने नेटवर्क के लोगों तक पहुंचाए। आरोप है कि इनके माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पेपर पढ़ाकर अनुचित तरीके से परीक्षा पास करवाई गई।

Comment List