सुप्रीम कोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट के अहम फैसलों का संकलन, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने किया विमोचन
अनुसंधान और अभियोजन में पुलिस के लिए बनेगी विधि दर्पण मार्गदर्शक
जयपुर। अनुसंधान अधिकारियों को कानूनी प्रावधानों और न्यायिक फैसलों की व्यावहारिक जानकारी देने के लिए राजस्थान पुलिस ने विधि दर्पण पुस्तिका तैयार की है। इसमें सुप्रीम कोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट के महत्वपूर्ण चयनित निर्णयों को संकलित किया गया है। पुस्तिका का विमोचन सोमवार को पुलिस मुख्यालय में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने किया।
डीजीपी ने कहा कि यह पुस्तिका अनुसंधान, साक्ष्य संकलन और अभियोजन प्रक्रिया में पुलिस अधिकारियों के लिए उपयोगी संदर्भ सामग्री साबित होगी। पुस्तिका को चार भागों में बांटा गया है। पहले भाग में सुप्रीम कोर्ट के गिरफ्तारी के आधार लिखित में देने, अग्रिम अनुसंधान के लिए मजिस्ट्रेट की अनुमति, दीवानी विवाद और छल के अपराध और पहचान के साक्ष्य समेत शिनाख्त परेड से जुड़े फैसले हैं। दूसरे भाग में राजस्थान हाईकोर्ट के अनुसंधान में न्यायिक हस्तक्षेप की सीमा, अवरोधन के सुरक्षा उपाय और एफआईआर संबंधी निर्णय शामिल हैं। तीसरे भाग में अनुसंधान अधिकारियों के लिए आठ आधारभूत और स्मरणीय निर्णय और चौथे भाग में व्यावहारिक संदर्भ सामग्री दी गई है। पुस्तिका में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा, सीआईडी-सीबी महानिरीक्षक एवं प्रधान संपादक के.बी. वंदना और डीआईजी राशि डोगरा डूडी के आलेख भी प्रकाशित हैं। पुस्तिका का प्रकाशन हर तीन महीने में किया जाएगा। विमोचन में डीजी संजय अग्रवाल, आनंद श्रीवास्तव, मालिनी अग्रवाल, एडीजी बिपिन पाण्डेय सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Comment List