डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं को दी बड़ी राहत : अब 150 किलोवॉट तक कनेक्शन लेने के लिए एस्टीमेट की निश्चित दरें हुईं तय
इंजीनियर एस्टीमेट के नाम पर उपभोक्ताओं को नहीं लगवा पाएंगे बिजली दफ्तरों के चक्कर
राजधानी जयपुर के बिजली उपभोक्ताओं को जयपुर डिस्कॉम प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। अब 150 किलोवाट तक के सभी श्रेणी जिसमें शहरी, ग्रामीण, व्यावसायिक और औद्योगिक कनेक्शन शामिल हैं, के उपभोक्ताओं के लिए निश्चित एस्टीमेट शुल्क तय कर दिए गए हैं।
जयपुर। राजधानी जयपुर के बिजली उपभोक्ताओं को जयपुर डिस्कॉम प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। अब 150 किलोवाट तक के सभी श्रेणी जिसमें शहरी, ग्रामीण, व्यावसायिक और औद्योगिक कनेक्शन शामिल हैं, के उपभोक्ताओं के लिए निश्चित एस्टीमेट शुल्क तय कर दिए गए हैं। इससे आवेदकों को अब एस्टीमेट बनवाने के लिए सहायक अभियंता कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जयपुर डिस्कॉम ने 150 किलोवाट तक का बिजली कनेक्शन लेने वाले आवेदकों को यह राहत दी है। डिस्कॉम प्रबंधन ने हाल ही में यह संशोधन आदेश जारी किया। अजमेर और जोधपुर डिस्कॉम अपने स्तर पर यह व्यवस्था लागू करेंगी। इसके साथ ही अब डिस्कॉम में इंस्पेक्टर राज व्यवस्था खत्म होने पर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, ये प्रावधान डवलपर्स की नई कॉलोनियों के लिए लागू नहीं होंगे।
ये हैं अन्य प्रावधान : नए आदेश में यह भी तय किया कि कटे हुए कनेक्शन अब पांच साल तक जोड़े जा सकेंगे। जानकारी के अनुसार प्रबंधन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एस्टीमेट बनाने के नाम पर उपभोक्ताओं को अभियंता कार्यालयों के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। संशोधन आदेश से इस व्यवस्था पर रोक लगाई गई है, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में :
5 से 150 किलोवाट तक कांटेक्ट डिमांड(50केवीए तक): इसमें पहले पांच किलोवाट के लिए 3500 , उसके बाद प्रति किलोवाट 500 रुपए।
45 से 150 किलोवाट तक कांटेक्ट डिमांड(50केवीए से ज्यादा): थ्रीफेज कनेक्शन में 45 किलोवाट तक 90 हजार रुपए, उसके बाद प्रति किलोवाट 650 रुपए।
अघरेलू श्रेणी कनेक्शन एस्टीमेट के लिए ये दरें हुई तय:
5 किलोवाट तक(सिंगल फेज/थ्री फेज): 5,000 रुपए।
5 से 150 किलोवाट तक कांटेक्ट डिमांड(50केवीए तक): सिंगल फेज/थ्रीफेज पहले पांच किलोवाट के लिए 5,000 रुपए, उसके बाद प्रति किलोवाट 650 रुपए।
45 से 150 किलोवाट तक कांटेक्ट डिमांड के लिए (50 केवीए से ज्यादा): थ्रीफेज में 45 किलावोट के लिए एक लाख रुपए फिर प्रति किलोवाट 750 रुपए
ग्रामीण क्षेत्र
5 किलोवाट (सिंगल फेज/थ्री फेज) तक 2000 रुपए
शहरी क्षेत्र
5 किलोवाट (सिंगल फेज/थ्री फेज) तक 3500 रुपए।
इनकी भी दरें हुई तय
पब्लिक स्ट्रीट लाईटिंग में पांच हजार रुपए प्रति कनेक्शन(लाइन और नेटवर्क कीमत शामिल नहीं)।
लघु उद्योग और मिक्स लोड में पांच किलोवाट तक सिंगल फेज/थ्रीफेज में पांच हजार रुपए, 5 से 18.65 किलोवाट थ्रीफेज में पहले पांच किलोवाट के लिए पांच हजार रुपए फिर 650 रुपए प्रति किलोवाट। मध्यम उद्योग एलटी एंड मिक्स लोड में(18.65 से 112 किलोवाट और कांटेक्ट डिमांड 50 केवीए तक) थ्रीफेज पहले पांच किलोवाट पांच हजार रुपए फिर 650 रुपए प्रति किलोवाट।

Comment List