गोविंद देव जी मंदिर : दीपावली पर मुख्यद्वार से ही मिलेगा भक्तों को प्रवेश, बीमार व्यक्ति करें ऑनलाइन दर्शन
मंगला झांकी के दर्शन प्रात: 4 बजे से 6:30 बजे
जयपुर। दीपावली के दिन गोविंद देवजी मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ को देखते हुए दर्शन की विशेष व्यवस्था की है। यह व्यवस्था मंगला से लेकर शयन झांकी तक प्रभावी रहेगी। मंगला झांकी के दर्शन प्रात: 4 बजे से 6:30 बजे तक होंगे। धूप झांकी प्रात: 7 बजे खोली जाएगी। दर्शनार्थियों का प्रवेश केवल मंदिर के मुख्य द्वार से ही होगा, जबकि जय निवास बाग से प्रवेश पूर्णत: निषेध रहेगा। मंदिर परिसर में जूता-चप्पल खोलने की कोई व्यवस्था नहीं होगी। दर्शनार्थियों के लिए दो अलग-अलग लाइनें बनाई गई हैं। जूता-चप्पल पहने भक्त मंदिर के बाहर बने रैंप से दर्शन कर सकेंगे जबकि बिना जूता-चप्पल वाले भक्त मंदिर छावन में दर्शन कर सकेंगे। सभी दर्शनार्थी मंदिर की बड़ी परिक्रमा करते हुए मुख्य द्वार से निकास करेंगे। कंवर नगर एवं ब्रह्मपुरी से आने वाले भक्त जय निवास उद्यान और जनता मार्केट मार्ग से मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे और दर्शन के बाद चिंताहरण हनुमानजी मार्ग से निकास करेंगे।
बीमार व्यक्ति करें ऑनलाइन दर्शन:
मंदिर प्रशासन ने हृदय, डायबिटीज, बीपी या श्वास संबंधित रोगों से पीड़ित श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़ को देखते हुए मंदिर में न आएं। वे 'गोविंदम् एप' पर ऑनलाइन दर्शन कर सकते हैं। भक्तजन कीमती सामान, बैग, थैले, लेडीज पर्स या आभूषण लेकर न आएं। पानी की बोतल साथ रखें।
दर्शन समय इस प्रकार रहेगा
मंगला झांकी- प्रात: 4 से 6:30 तक
धूप झांकी- प्रात: 7 से 9 तक
शृंगार झांकी- प्रात: 9.30 से 10.15 तक
राजभोग झांकी- प्रात: 10.45 से 11.45 तक
ग्वाल झांकी-शाम 4.45 से 5.15 तक
संध्या झांकी- शाम 5.45 से 7.30 तक
शयन झांकी- रात्रि 8 से 8.15 बजे तक

Comment List