सुशासन के वैश्विक मूल्यांकन का आधार बनेगा IIAS गवर्नेंस इंडेक्स : वी. श्रीनिवास
18 नवंबर को जारी होगा गवर्नेंस इंडेक्स
जयपुर । राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित संस्थान की रिसर्च एडवाइजरी बैठक में भाग लिया। बैठक में प्रस्तावित IIAS गवर्नेंस इंडेक्स (IGI) पर चर्चा हुई। यह वैश्विक पहल विभिन्न देशों, क्षेत्रों और आय वर्गों के आधार पर सुशासन के प्रदर्शन का आकलन और तुलनात्मक अध्ययन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। श्रीनिवास ने कहा कि गवर्नेंस इंडेक्स साक्ष्य आधारित नीतिगत निर्णय लेने और प्रशासनिक सुधारों को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
विश्वभर में शासन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विश्वसनीय आंकड़ों, स्वतंत्र शोध और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों का आदान-प्रदान जरूरी है। उन्होंने बताया कि आठ स्वतंत्र डेटा स्रोतों के आधार पर तैयार इस इंडेक्स से विभिन्न देशों की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सुशासन की स्थिति का आकलन किया जा सकेगा। इसका 30 पृष्ठों का विस्तृत प्रतिवेदन 18 नवंबर को जारी होगा। इसके साथ विशेष वेबसाइट भी शुरू की जाएगी, जिस पर देशों की प्रोफाइल और तुलनात्मक विश्लेषण के टूल उपलब्ध होंगे। उल्लेखनीय है कि श्रीनिवास 17 से 20 नवंबर तक IIAS अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने सियोल प्रवास पर हैं। वह IIAS के पहले भारतीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।

Comment List