जेडीएफ में बच्चों ने दिखाई शहर के पुराने पेड़ों की कहानी, कच्ची बस्ती के 6 बच्चों का प्रोजेक्ट
पूरा काम बच्चों ने खुद किया
जयपुर। जवाहर कला केंद्र में चल रहे जयपुर डिज़ाइन फेस्टिवल में इंडियन वुमेन इम्पैक्ट फाउंडेशन के बच्चों ने एक अनोखा प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। यह प्रोजेक्ट प्रकृति से दूर होते समाज को पुराने पेड़ों की धरोहर याद दिलाता है। खास बात यह है कि पूरा काम बच्चों ने खुद किया है। ये बच्चे दिन में अपने इलाके के सरकारी स्कूल जाते हैं। इसके बाद त्रिवेणी नगर कच्ची बस्ती में बने संस्था के केंद्र पर पढ़ाई और गतिविधियों में शामिल होते हैं। प्रोजेक्ट की प्रेरणा यह रही कि इंसान जितना तकनीक के करीब जा रहा है, उतना ही प्रकृति से दूर होता जा रहा है। हम भूल गए हैं कि पुराने पेड़ भी हमारी धरोहर हैं, जो हमारे दादा-परदादा से भी पुराने हैं। इसी सोच के साथ 6 बच्चों की टीम परकोटा क्षेत्र पहुंची। वहां उन्होंने बड़े और पुराने पेड़ों के पास रहने वाले लोगों से बातचीत की। स्थानीय लोगों ने पेड़ों से जुड़ी अपनी यादें और कहानियां साझा कीं। कई लोगों ने बताया कि वे आस्था और परंपरा के कारण पीढ़ियों से इन पेड़ों से जुड़े हैं। उनके लिए ये पेड़ केवल पेड़ नहीं, बल्कि परिवार और मोहल्ले की पहचान हैं। एक बुजुर्ग ने बताया कि उनके यहां चार पेड़ थे।
विकास कार्य के दौरान इन्हें काटने की नौबत आई। वे चारों को तो नहीं बचा सके, लेकिन बहुत प्रयासों के बाद एक पेड़ को बचाने में सफल रहे। आज भी वह पेड़ उनके लिए अनमोल है। बच्चों ने इन कहानियों को ध्यान से सुना और उन्हें अपने प्रोजेक्ट में पिरोया।

Comment List