नीमराना में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला : ऑफिस में घुसकर बदमाशों ने की फायरिंग, दोनों पैरों में लगी गोली
हमले के बाद इलाके में सनसनी फैल गई
बहरोड़ जिले के नीमराना में अज्ञात बदमाशों ने भाजपा नेता नरदेव यादव पर उनके ऑफिस में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
कोटपूतली। बहरोड़ जिले के नीमराना में अज्ञात बदमाशों ने भाजपा नेता नरदेव यादव पर उनके ऑफिस में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली नरदेव के दोनों पैरों में लगी है। वारदात के समय उनका दोस्त अक्षय जाट भी मौजूद था, जो बीच-बचाव के दौरान हमलावरों की मारपीट का शिकार हुआ। इस हमले के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना रात करीब 10 बजे फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित श्रीश्याम पीजी गेस्ट हाउस की है, जहां किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष नरदेव यादव अपने दोस्त अक्षय के साथ बैठे थे। तभी दो कारों में सवार 5-6 युवक वहां पहुंचे और आते ही फायरिंग शुरू कर दी। 2 से 3 राउंड फायर हुए, जिनमें नरदेव यादव के दोनों पैरों में गोली लगी। अक्षय जाट ने नरदेव को बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। वारदात के बाद बदमाश जाते-जाते भाजपा नेता की कार पर भी गोलियां चला गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस द्वारा नीमराना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में नाकाबंदी करवाई गई। नीमराना एडिशनल एसपी शालिनी राज ने बताया कि घायलों से पूछताछ की गई है। फिलहाल उन्होंने किसी भी तरह की रंजिश से इनकार किया है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है।

Comment List