भाजपा विधायकों की बाड़ाबंदी मोदी सरकार के कामों पर हुए अपडेट
लोकतंत्र बहाली में हमारी भूमिका विषय पर सत्र हुए
भाजपा विधायकों की बाड़ाबंदी में 71 में से 69 विधायक पहुंच गए हैं। अब केवल सिद्धि कुमारी और शोभारानी कुशवाह का आना बाकी है।
जयपुर। भाजपा विधायकों की बाड़ाबंदी में 71 में से 69 विधायक पहुंच गए हैं। अब केवल सिद्धि कुमारी और शोभारानी कुशवाह का आना बाकी है। बाड़ाबंदी में योग-व्यायाम से शुरूआत के बाद दिन में विधायकों को अपडेट करने के लिए आठ साल मोदी सरकार-युगान्तकारी परिवर्तन मिशन एवं बूथ सशक्तिकरण अभियान, आपातकाल व लोकतंत्र बहाली में हमारी भूमिका विषय पर तीन सत्र हुए। शाम को विधायकों को मतदान प्रशिक्षण कराया गया। दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर वृत्त चित्र भी दिखाया गया। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेद्वी भी यहां पहुंचे हैं।
प्रचंड बहुमत से भाजपा आएगी, मीसाबंदियों को फिर पेंशन देंगे : वसुन्धरा
पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे ने कहा कि राजस्थान में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी और लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन वापस शुरू होगी जो गहलोत सरकार ने बंद कर दी है। उन्होंने यहां आपातकाल व लोकतंत्र बहाली में हमारी भूमिका विषय पर हुए सत्र में यह बात कही। कहा कि जब वे पहली बार मुख्यमंत्री बनी तब हमारी सरकार ने मीसा और डीआईआर के तहत जेल गए सभी लोगों की पेंशन चालू की। भाजपा की फिर सरकार बनेगी और लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान ब्याज सहित वापस लौटाएंगी। आपातकाल के दौरान प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी भेष बदलकर जेल जाया करते थे और हमारे नेताओं के पास महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाते थे। हमारे जिन नेताओं के पीछे पुलिस लगी हुई थी। वे उन्हें स्कूटर से एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाते थे। आपातकाल की भावना कांग्रेस के मन से अब भी नहीं निकली है। आज भी उसका आचरण आपातकाल जैसा ही है। विधायकों के पीछे पुलिस लगा रखी है।
सात दिन से कांग्रेस और अन्य विधायक बंदी हैं। सरकार इनकी है फिर भी हॉर्स ट्रेडिंग की स्वयं ही शिकायत करते हैं। भाजपा का इससे कोई लेना देना नहीं है।
- अरुण सिंह, प्रदेश प्रभारी
कांग्रेस खेमे में असंतोष की लहर है। एसीबी और पुराने मुकदमों का सरकार इन्हें डर दिखा रही है। उनकी जासूसी करा रही है। कालेधन के उपयोग की आशंका है, ऐसे में भाजपा ने ईडी से शिकायत की है, लेकिन विधायक अंतरात्मा की आवाज से वोट देंगे।
- अर्जुन राम मेघवाल, मंत्री
Comment List