निगम ग्रेटर बनाएगा वर्ल्ड रिकार्ड, 48 योग संस्थाओं के प्रशिक्षक और योगाचार्य
बिना रुके 1500 मिनट आज से करेंगे योग
जयपुर। नगर निगम जयपुर ग्रेटर की ओर से लगातार 1500 मिनट तक 48 योग संस्थाओं के प्रशिक्षकों योगाचार्यों के माध्यम से योग किया जाएगा। दो दिवसीय यह कार्यक्रम सुबह 7 बजे से भट्टारक जी की नसियां स्थित इंद्रलोक सभागार में आयोजित किया गया।
महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने बताया कि योग हमारे जीवन का अभिन्न अंग है और हमारी पुरातन परंपरा भी रही है। हमें प्रतिदिन अपने शरीर को स्वस्थ रखने तथा शहर को स्वच्छ रखने के लिए योग को दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक है। अत: योग संस्थाओं के प्रशिक्षकों योगाचार्यो के माध्यम से 1500 मिनट बिना रुके लगातार योग संस्थानों द्वारा योगासन किए गए।
1000 लोगों ने किया एक साथ योगाभ्यास
निगम ग्रेटर महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर की पहल पर आयोजित किए गए जयपुर योग महोत्सव 2024 के तहत छठे दिन शनिवार को जेएलएन मार्ग जवाहर सर्किल एवं सिटी पार्क मानसरोवर में योग शिविर आयोजित किए गए। सिटी पार्क में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के सहायक योगाचार्य डॉ. नवनीत मलेठिया एवं योगी अभिषेक जांगिड़ तथा जेएलएन मार्ग जवाहर सर्किल पर डॉ. शालिनी शर्मा एवं सर्वमंगला, सनातन धर्म फाउंडेशन की संस्थापक योगाचार्य पूर्वी विजयवर्गीय ने योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान करवाया। शिविर कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष डॉ. जीएल शर्मा एवं क्षेत्रीय संयोजक मेघसिंह चौहान ने की और योग शिविर का संचालन क्रीड़ा भारती योग प्रमुख योगाचार्य सत्यपाल सिंह ने किया।

Comment List