राम की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर मंदिरों में तैयारियां शुरू
मंदिरों में भी स्थानीय स्तर पर भव्य आयोजन होंगे
भारतीय जनता पार्टी के हर पदाधिकारी, कार्यकर्ता व आमजन की भी भागेदारी रहेगी। देवस्थान विभाग के अलावा अन्य मंदिरों में भी स्थानीय स्तर पर भव्य आयोजन होंगे।
जयपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को हो राम की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर राजस्थान के देवस्थान विभाग ने प्रदेरहे श के मंदिरों में आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए प्रदेश के मंदिरों में साफ-सफाई के लिए स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का आगाज जयपुर के सिरह डयोढी बाजार स्थित मंदिर रामचंद्र से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, देवस्थान विभाग के केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत एवं हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य महाराज ने किया। प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि रामलला के देशव्यापी आयोजन को सफल बनाने में राजस्थान का देवस्थान विभाग भी व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहा है। इसके लिए मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं को आयोजन का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इस कार्य में भारतीय जनता पार्टी के हर पदाधिकारी, कार्यकर्ता व आमजन की भी भागीदारी रहेगी। देवस्थान विभाग के अलावा अन्य मंदिरों में भी स्थानीय स्तर पर भव्य आयोजन होंगे।
इस मौके पर केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा किरामभक्त होने के नाते मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है कि सुशासन को समर्पित राज्य सरकार के देवस्थान विभाग, ऐतिहासिक तिथि 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में प्रदेश के हर मंदिर में सजावट, सफ़ाई, रोशनी, आरती, प्रसाद की व्यवस्था कर रही है। इस दिन अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम का सभी मंदिरों में लाइव प्रसारण होगा। इसके अलावा मंदिरों में खासकर गाय के गोबर से बने दीपकों से रोशनी की जाएगी। वहीं, मंदिरों में सत्संग, सुंदरकांड या हनुमान चालीसा के पाठ होंगे। इसके साथ ही महाआरती व देवी-देवताओं के मूर्तियों का श्रृंगार किया जाएगा। आरती के बाद प्रसाद का वितरण होगा।
केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि अयोध्या के महोत्सव को लेकर मंदिरों के बाहर होर्डिग्स लगाए जाएंगे। इन सब कार्यों के लिए देवस्थान विभाग की ओर से बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर्स को इस संबंध में राजकीय व अराजकीय मंदिरों में उक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निजी मंदिरों में निकायों और पंचायतों को व्यवस्था करने के निर्देश
शहरों में पंचायत स्तर पर स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं को निजी मंदिरों में ये व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं, जबकि जिला मुख्यालय पर बने राजकीय मंदिरों में देवस्थान विभाग और बड़े निजी मंदिरों में उपखंड अधिकारी या कलेक्टर स्तर पर व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए हैं।
श्रेष्ठ सजावट के मंदिर होंगे पुरस्कृत
जोराराम कुमावत ने बताया कि 22 जनवरी को प्रदेश के जिस मंदिर में सजावट की व्यवस्था उत्कृष्ट होगी उन मंदिरों के पुजारी एवं उस मंदिर को देवस्थान विभाग द्वारा राज्यस्तरीय सम्मान दिया जाएगा।

Comment List