राजस्थान में 34 माह में ग्रामीण विकास को मिली गति, सिंचाई से लेकर पशुपालन तक बढ़ा निवेश
भाजपा सरकार ने कई योजनाओं में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को पीछे छोड़ा
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार ने कृषि, सिंचाई, जल संरक्षण और पशुपालन के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का दावा किया है। सरकार के अनुसार, 34 माह के कार्यकाल में कई योजनाओं में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच साल के आंकड़ों को पीछे छोड़ा गया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान सरकार ने 1.42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में नहरी सिंचाई सुविधा विकसित की, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच साल में यह आंकड़ा 52,182 हेक्टेयर था। ड्रिप और मिनी स्प्रिंकलर के जरिए 3.10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिला तथा किसानों को 1,304 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया।
खेतों की सुरक्षा के लिए 445 लाख मीटर तारबंदी कराई गई और 511 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया। वहीं, 35,893 फार्म पॉण्ड बनाए गए, जिनके लिए 369 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया। कृषि में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए 67,408 सोलर पंप सेट स्थापित किए गए। संरक्षित खेती के तहत 10.91 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में शेडनेट हाउस लगाए गए। पशुपालन क्षेत्र में 55 बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालयों का क्रमोन्नयन किया गया तथा 117 पशु चिकित्सालयों को प्रथम श्रेणी में क्रमोन्नत किया गया। सरकार ने इन प्रयासों को किसान कल्याण और ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है।

Comment List