पीकेसी-ईआरसीपी : केंद्रीय जल आयोग के तकनीकी परीक्षण पर टिकी परियोजना की आगे की राह
तकनीकी और आर्थिक पहलुओं की जांच के बाद आगे बढ़ेगी स्वीकृति प्रक्रिया
जयपुर। राजस्थान की महत्वाकांक्षी पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी)-ईआरसीपी परियोजना के क्रियान्वयन में अब केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। परियोजना से संबंधित राजस्थान के हिस्से की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) केंद्रीय जल आयोग को तकनीकी और आर्थिक परीक्षण के लिए भेजी गई है। आयोग की जांच और परीक्षण के बाद परियोजना के अगले चरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के हिस्से की डीपीआर तैयार कर सीडब्ल्यूसी के ई-पैम्स पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी है।
आयोग परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता और लागत का परीक्षण करेगा। इसके बाद प्रस्ताव को पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) और केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया है। परियोजना के तहत राजस्थान को 17 जिलों में पेयजल, सिंचाई और औद्योगिक उपयोग के लिए पानी उपलब्ध कराने की योजना है। ऐसे में केंद्रीय जल आयोग का परीक्षण इस पूरी परियोजना के अगले चरण के लिए महत्वपूर्ण है। हालांकि, डीपीआर जमा होने का अर्थ अंतिम स्वीकृति मिलना नहीं है।

Comment List