हम जो कहते हैं वो करते हैं, जनता जो चाहती है वही काम करते हैं : सीएम
आंतकवाद का खात्मा और गरीबों का कल्याण हुआ
प्रधानमंत्री मोदी ने शेखावाटी को बहुत बड़ा लाभ दिया है, यही नहीं वन रैंक वन पेंशन का लाभ शेखावाटी के लोगों को मिल रहा है।
झुंझुनूं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि शेखावाटी की धरती किसान और जवानों की धरती है। किसान जहां धरती का सीना चीरकर अन्न उपजाता है, वहीं जवान सीमा पर दिन-रात मुस्तैद रहकर मां भारती की सेवा करता है। वे सोमवार को जिले के मलसीसर कस्बे मेंं जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ, सबका विकास की भावना पर लगातार कार्य कर रहे हैं। इस कारण पहले योजनाओं का कार्य सिर्फ कागजों में होता था, लेकिन अब योजनाओं का लाभ उन लाभार्थियों तक पहुंच रहा है जो उसके हकदार हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में एक परिकल्पना बदली है जो आप सभी के सामने है।
चाहे गरीब कल्याण की योजना हो, विकास की योजना हो, आंतकवाद और नक्सलवाद का खात्मा हो या दुनिया में बढ़ता हुआ भारत माता का गौरव हो, ये सभी 2014 के बाद आप सब को देखने मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शेखावाटी को बहुत बड़ा लाभ दिया है, यही नहीं वन रैंक वन पेंशन का लाभ शेखावाटी के लोगों को मिल रहा है। उन्होेने कहा कि हम यमुना के पानी के लिए हम आगे बढ़ रहे हैं। हम जो कहते हैं वो करते है। जनता जो चाहती है वो काम करते हैं, हम जनता के बीच में जायेंगे एवं काम का हिसाब देंगे।
कांग्रेस को जमकर घेरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब यमुना जल के लिए हरियाणा से एमओयू हुआ तो उस वक्त हरियाणा के चुनाव आ गए, तब कांग्रेस ने कहा कि यदि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आएगी तो वे इस समझौते को रद्द कर देंगे। इस प्रकार का वक्तव्य कांग्रेस की मानसिकता दर्शाता है कि वे गांव, गरीब के विकास में रुचि नहीं रखते। उन्होंने कहा कि शेखावाटी की जनता को अब आंकलन करना होगा क्योंकि कांग्रेस ने कभी भी इस क्षेत्र के विकास की बात नहीं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 वर्षो में सबसे ज्यादा इस देश व प्रदेश में राज किया है। ये वही लोग है जो चुनाव से पहले सर्वे करा देते हैं, लेकिन चुनाव के बाद कुछ नहीं होता।
डैम का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने कुंभाराम लिफ्ट कैनाल परियोजना के तहत मलसीसर में बने डैम का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। यह डैम झुंझुनूं जिले को पेयजल आपूर्ति करता है। इसके साथ ही उन्होंने कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत जल संचयन संरचना का शिलान्यास किया।
Comment List