आरयूएचएस में व्हाइट कोट सेरेमनी, मुख्य सचिव बोले- सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं
विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट एवं कैडेवरिक ओथ सेरेमनी आयोजित
जयपुर। राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) में बुधवार को एमबीबीएस बैच-2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट एवं कैडेवरिक ओथ सेरेमनी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि सफेद कोट केवल परिधान नहीं, बल्कि रोगी के विश्वास, आशा और चिकित्सक के समर्पण का प्रतीक है। चिकित्सा पेशे में सेवा भावना, प्रतिबद्धता और मानवीय संवेदनाएं सर्वोपरि हैं। मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर अध्ययन, कड़ी मेहनत और उत्कृष्टता की खोज ही उन्हें बेहतर चिकित्सक बनाएगी। उन्होंने एआई और डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के बीच मरीज को चिकित्सा सेवाओं के केंद्र में रखने पर जोर दिया।
विद्यार्थियों को योग, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए तनावमुक्त रहने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित राजस्थान और हेल्थ फॉर ऑल के लक्ष्य को हासिल करने में युवा चिकित्सकों की अहम भूमिका होगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने विद्यार्थियों से सरकारी मेडिकल कॉलेजों की सुविधाओं का लाभ उठाकर कुशल चिकित्सक बनने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर उपचार पहुंचाने का आहवान किया। समारोह में आरयूएचएस प्राचार्य डॉ. मनीष ग्रोवर सहित चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।

Comment List