रिश्वत मामले में तत्कालीन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक और दलाल के खिलाफ चालान पेश
215 पेज की चार्जशीट कोर्ट में पेश
रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुए कोटा रेलवे के तत्कालीन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक व कैटरिंग वेंडर दलाल के खिलाफ आज एसीबी कोर्ट में चालान पेश किया गया।
कोटा । रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुए कोटा रेलवे के तत्कालीन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम)अजय कुमार पाल व कैटरिंग वेंडर महेश शर्मा (दलाल) के खिलाफ आज एसीबी कोर्ट में चालान पेश किया गया। कोटा एसीबी टीम ने 52 दिन बाद 215 पेज की चार्जशीट कोर्ट में पेश की। डीएसपी हर्षराज खरेड़ा ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है। मामले में 27 जून से ट्रायल शुरू होने की संभावना है।
सहायक निदेशक अशोक जोशी ने बताया कि परिवादी हेमराज मीणा खान पान निरीक्षक रेलवे स्टेशन भरतपुर ने भरतपुर एसीबी में शिकायत दी थी। जिसमें बताया था कि हिंडौन सिटी रेलवे स्टेशन पर कैटरिंग वेंडर का काम करने वाले महेश कुमार शर्मा ने फोन करके चार्जशीट फाइनल करवाने की बात कहते हुए 20 हजार का खर्चा पानी मांगा था। जिसके बाद शिकायत सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई थी। भरतपुर की एसीबी टीम ने 31 मार्च रात को ट्रेप की कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही परिवादी से 20 हजार की रिश्वत लेकर केटरिंग वेंडर ने सीनियर डीसीएम अजय कुमार पाल को दिए। एसीबी की टीम ने दोनों को दबोच लिया। अजय पाल ने रिश्वत की रकम अपनी टेबल की रैक में रख ली थी। सीनियर डीसीएम अजय कुमार पाल के यहां हाउस सर्च में कोटा एसीबी की टीम को 8 लाख की नगद राशि मिली थी। जो अलग अलग लिफाफों में रखी हुई थी। साथ ही 3 बैंक अकाउंट, 3 एलआईसी पॉलिसी के दस्तावेज मिले। इसके अलावा यूपी के लखनऊ में 2 प्लॉट व 1 फ्लैट के दस्तावेज को जब्त था।

Comment List