असर खबर का : बाजारों में खाली स्थान पर हो अस्थायी पार्किंग
जिला कलक्टर ने विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश
कोटा। दीपावली त्योहार पर शहर के प्रमुख बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग से होने वाली जाम की समस्या से आमजन को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। बाजारों के आसपास उपलब्ध खाली स्थानों को अस्थायी पार्किंग के रूप में चिन्हित किया जाएगा। यहां वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि बाजारों में यातायात बाधित न हो और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली पर बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में यातायात, पार्किंग, सफाई और सुरक्षा की व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। बैठक में शहर की विशेष सजावट, विद्युत रोशनी और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने इस बार दीपावली को स्वच्छता और स्वास्थ्य से जोड़कर मनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के उल्लास में सेहत और स्वच्छता की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा प्रमुख स्थानों पर आकर्षक विद्युत सजावट की जाए। जेवीवीएनएल और केईडीएल को अपनी टीम अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश देते हुए खुले विद्युत बॉक्स, ट्रांसफार्मर और ढीले तारों को दुरुस्त करने को कहा। नगर निगम की फायर फाइटिंग टीम को भी मुस्तैद रहने तथा आग की आशंका वाले स्थानों का पहले से निरीक्षण कर आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
एएसपी शहर सुभाष मिश्रा ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस विशेष इंतजाम करेगी। ड्रिंक एंड ड्राइव और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के चालान बनाए जाएंगे। साथ ही निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग सुनिश्चित कराने के लिए सख्ती बरती जाएगी।
मिलावटखोरी पर रहेगी नजर
त्योहार पर मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर जिला कलक्टर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मिलावटखोरी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग बढ़ाने और मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
व्यापारिक संगठन करेंगे सजावट और स्वच्छता में सहयोग
महापौर अनसूइया गोस्वामी ने व्यापारिक संगठनों से अपने-अपने बाजारों में स्वच्छता और आकर्षक सजावट करने का आह्वान किया। उप महापौर विवेक राजवंशी ने भी कई सुझाव दिए। कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि विभिन्न व्यापारिक संगठन अपने स्तर पर भव्य सजावट करेंगे और स्वच्छता के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। सर्वश्रेष्ठ सजावट करने वाले संगठनों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुमीत सिंह बेदी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पेट्रोल पंपों पर विद्युत लाइटों के बजाय साटन कपड़े की झालरों से सजावट की जाएगी।
नवज्योति ने उठाया था पार्किंग और अतिक्रमण का मुद्दा
गौरतलब है कि बाजारों में त्योहार के दौरान बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से आमजन को होने वाली परेशानी का मुद्दा दैनिक नवज्योति ने प्रमुखता से उठाया था। समाचार पत्र के 3 नवम्बर के अंक में पेज 6 पर 'बाजारों में अतिक्रमण बढ़ रहा रॉकेट गति से' शीर्षक से प्रकाशित समाचार में समस्या को उजागर किया गया था। इसके बाद जिला कलक्टर ने बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ओएसडी इलेक्शन सृष्टि डबास, प्रशिक्षु आईएएस उत्कर्ष यादव, एडीएम प्रशासन राजेश जोशी, एडीएम सीलिंग रवि वर्मा, एडीएम सिटी विनोद मल्होत्रा, नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा, केडीए सचिव मुकेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comment List