भाजपा प्रभारी का यूथ कांग्रेस ने किया विरोध, भाजपा मुख्यालय के बाहर पोस्टर पर स्याही फेंकी, पीसीसी के बाहर पुतला जलाया

पोस्टर में श्रीकृष्ण के फोटो पर स्याही लगने पर भाजपा ने कांग्रेस को बताया श्रीकृष्ण विरोधी

भाजपा प्रभारी का यूथ कांग्रेस ने किया विरोध, भाजपा मुख्यालय के बाहर पोस्टर पर स्याही फेंकी, पीसीसी के बाहर पुतला जलाया

भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर बाहर लगे पोस्टरों पर स्याही फेंककर नारेबाजी की।

जयपुर। भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन अग्रवाल के कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट और पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर दिए बयानों पर प्रदेश युवा कांग्रेस ने मंगलवार को अग्रवाल के खिलाफ मोर्चा खोला। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहर को पीसीसी मुख्यालय के बाहर अग्रवाल का पुतला दहन कर नारेबाजी की। इसके बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर बाहर लगे पोस्टरों पर स्याही फेंककर नारेबाजी की। पोस्टर में श्रीकृष्ण की फोटो पर भी स्याही फेंकने पर भाजपा ने कांग्रेस को श्रीकृष्ण विरोधी मानसिकता वाली पार्टी बताया है।

अग्रवाल के विवादित बयान पर प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया के प्रदेशभर में विरोध करने की घोषणा के अगले दिन युवा कांग्रेस ने जयपुर, गंगानगर सहित कई जगह विरोध जताया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले पीसीसी मुख्यालय के बाहर इकट्ठे होकर अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बेरिकेड्स तोड़ने पर पुलिस से धक्का मुक्की और झडप भी हुई।

मीडिया प्रभारी उज्ज्वल शर्मा, जसविंदर सिंह और अन्य नेताओं ने अग्रवाल की टिप्पणी को अशोभनीय बताते हुए कहा कि अग्रवाल खुद कभी चुनाव नहीं लड़े, इसलिए वे लोकप्रियता का मतलब नहीं जानते। अग्रवाल का हम तब तक राजस्थान में विरोध करते रहेंगे, जब तक वे राजस्थान छोड़कर नहीं चले जाते। प्रदर्शन के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा भार्गव, वरिष्ठ महासचिव करतार गुर्जर, उज्ज्वल शर्मा, टीकमचंद सहित कई युवा कांग्रेसी भाजपा मुख्यालय पहुंचे और कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों पर स्याही फेंकते हुए अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर भाजपा कार्यकर्ता भी कार्यालय से लाठियां लेकर बाहर निकले तो युवा कांग्रेसी वहां से निकल गए।  

कांग्रेस की भगवान और सनातन से नफरत सामने आई: बगड़ी
भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के पोस्टर पर स्याही फेंकने से कांग्रेस की सनातन से नफरत सामने आ गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के इशारे पर आए कांग्रेसी गुर्गों की यह शर्मनाक करतूत है। पहले डोटासरा ने हिंदुओं के आराध्य श्रीकृष्ण पर अपमानजनक टिप्पणी की। लगता है कि डोटासरा के पास सनातन को अपमानित करने की पर्ची कांग्रेस आलाकमान से आई है। उन्हें भगवान से इतनी ही नफरत है तो अपना नाम गोविंद से बदलकर गुलाम कब रख रहे हैं।

Read More केडीए ने करवाया चम्बल की नई पुलिया पर पेचवर्क

डोटासरा के बाद यूथ कांग्रेस ने भी श्रीकृष्ण का अपमान किया: चेची
भाजपा के युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची ने कहा कि यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुपचाप आकर भाजपा ऑफिस के बाहर भगवान श्रीकृष्ण के पोस्टर पर स्याही फेंकी। यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उनके प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने जिस तरह से श्रीकृष्ण पर बयान देकर उन्हें अपमानित किया था, वहीं यूथ कांग्रेसियों ने भी किया। इन्हें नेता बनने का इतना ही शौक है तो भाग कर क्यों गए। 

Read More पर्यटकों की उपस्थिति में हवामहल स्मारक रहा आगे, 8,024 लोगों ने स्मारक की सुंदरता को निहारा

Post Comment

Comment List

Latest News