अग्निवीरों की बल्ले-बल्ले! अब 75% अग्निवीरों को मिलेगी 2 साल की अतिरिक्त सेवा, नियमित भर्ती का भी मिलेगा मौका
18 हजार से अधिक अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर फैसला
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव करते हुए अग्निवीरों को अतिरिक्त सेवा का अवसर देने का फैसला किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले उन 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का प्रस्ताव दिया जाएगा, जिन्हें पहले नियमित सेना में शामिल नहीं किया जाता था।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने 4 नवंबर को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त कार्यकाल पूरा करने के बाद इच्छुक अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में नियमित भर्ती का अवसर भी मिलेगा। इसके लिए निर्धारित चयन मानकों पर खरा उतरना होगा। अतिरिक्त सेवा के दौरान उन्हें बेहतर वेतन और सेवा निधि का लाभ भी मिलेगा।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब पहले बैच के करीब 18 हजार अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। वर्ष 2022 में शुरू हुई इस योजना के पुराने प्रावधान के तहत 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल किया जाता था, जबकि बाकी को चार साल बाद बाहर होना पड़ता था।

Comment List