जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं पर राजद ने उठाए सवाल, एजाज अहमद बोले- बिहार में कानून-व्यवस्था पर चिंता जरूरी
जनता में सुरक्षा का विश्वास बहाल करने की मांग
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं को लेकर बिहार की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई और कहा कि लगातार ऐसी घटनाओं से शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अहमद ने कहा कि सरकार इन मामलों के दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना के बाद सरकार की प्राथमिकता दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करना होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार घटना के मूल मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए सरकार में बैठे लोगों की ओर से ऐसे बयान दिए जाते हैं, जिससे मामले की गंभीरता कम होती है।
अहमद ने कहा कि मौजूदा सरकार को कानून-व्यवस्था के लिए पूर्ववर्ती सरकार का हवाला देने के बजाय अपने स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। अपराध के मामलों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए और जांच राजनीतिक या अन्य किसी प्रभाव से मुक्त रहनी चाहिए।
राजद नेता ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की निष्पक्ष कार्रवाई से ही आम लोगों में सुरक्षा और कानून के प्रति विश्वास मजबूत होगा। उन्होंने सरकार से हाल की घटनाओं की गंभीरता से समीक्षा कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

Comment List