तमिलनाडु में विजय के राज्याभिषेक पर सस्पेंस: वीसीके पर टिकी सबकी निगाहें, आईयूएमएल का यू-टर्न, समर्थन देने से किया इनकार
तमिलनाडु में विजय की राह में वीसीके का सस्पेंस
तमिलनाडु में सरकार गठन पर सस्पेंस गहरा गया है। बहुमत के लिए वीसीके (VCK) किंगमेकर बनकर उभरी है। थलापति विजय की पार्टी TVK ने 116 का समर्थन जुटाया है, लेकिन 118 का जादुई आंकड़ा थिरुमावलवन के फैसले पर टिका है। सौदेबाजी और आरोपों के बीच राज्य राष्ट्रपति शासन या नई सरकार के दोराहे पर खड़ा है।
चेन्नई। तमिलनाडु के राज्यपाल आर वी अर्लेकर से तीन बार मुलाकात करने के बावजूद टीवीके के संस्थापक और मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार विजय के सरकार बनाने को लेकर जारी असमंजस और सस्पेंस जारी है। अब सभी की निगाहें द्रमुक के सहयोगी वीसीके के संस्थापक और लोकसभा सांसद थोल थिरुमावलवन पर टिकी हुई है। नवगठित पार्टी को समर्थन देने का उनका निर्णय शनिवार को राज्य में अगली सरकार के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अपनी पार्टी के नेताओं के साथ उच्च स्तरीय बैठक करने के बाद उन्होंने कहा था कि वीसीके ने शुक्रवार रात विजय को समर्थन देने का फैसला लिया है और आवश्यक संख्या (234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के आंकड़े से दो अधिक, यानी 118 से अधिक) पूरी हो गई है, जिससे स्थिति नाटकीय रूप से बदल गई। द्रमुक की एक अन्य सहयोगी पार्टी आईयूएमएल ने पहले तो टीवीके को समर्थन देने से इनकार कर दिया लेकिन अचानक अपना समर्थन देने का वादा किया फिर एक और यू-टर्न लेते हुए टीवीके को समर्थन देने से इनकार कर दिया। दो विधायकों वाली वीसीके द्वारा भी अपना समर्थन वापस लेने और श्री रुमावलवन के लिए उपमुख्यमंत्री पद सहित कई मुद्दों पर सौदेबाजी करने की खबरों के बाद, राज्य में स्थिति अचानक बदल गई और विजय द्वारा शनिवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की संभावना कम ही नजर आ रही है क्योंकि राज्यपाल ने अभी तक उन्हें औपचारिक रूप से आमंत्रित नहीं किया है।
इस संदर्भ में, सभी की निगाहें वीसीके पर टिकी हुई है क्योंकि थिरुमावलवन किंगमेकर बनकर उभरे हैं। वह आज दोपहर मीडिया से मिलकर अपने फैसले का खुलासा कर सकते है, जो विजय के भाग्य का फैसला करेगा, जिन्होंने चुनावी मैदान में शानदार शुरुआत करते हुए 108 सीटें प्राप्त की हैं। चूंकि विजय ने दो सीटों पर जीत दर्ज की इसलिए तकनीकी रूप से टीवीके की ताकत 107 है और कांग्रेस ने पांच विधायकों के साथ द्रमुक के नेतृत्व वाले मोर्चे से अलग होकर विजय के साथ गठबंधन करके समर्थन देने का वादा किया है और वामपंथी दल सीपीआई और सीपीआई-एम ने भी दो-दो विधायकों के साथ टीवीके को समर्थ दिया है जिससे विधायकों की संख्या बढ़कर 116 हो गई।
आईयूएमएल और वीसीके के दो-दो विधायकों के समर्थन से विजय को 120 वोट मिल सकते हैं, जो आवश्यक संख्या 118 से दो अधिक हैं लेकिन उनके अचानक रुख बदलने और वीसीके नेता द्वारा निवर्तमान मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन से मुलाकात करने, उच्च स्तरीय बैठक के बाद अपने फैसले का खुलासा न करने और समर्थन वापस लेने से विजय की राह में बाधा उत्पन्न हो रही है।
राज्यपाल ने विजय को बहुमत को साबित करने के लिए 10 मई तक का समय दिया है, इसलिए वीसीके के मीडिया मुलाकात में यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि क्या टीवीके पर्याप्त समर्थन जुटाने में सक्षम होगा और क्या यह वीसीके या आईयूएमएल या दोनों के निर्णय पर निर्भर करेगा। मामले को और पेचीदा बनाते हुए अन्नाद्रमुक की सहयोगी टीटीवी दिनाकरन की एएमएमके ने टीवीके के खिलाफ तीखा आरोप लगाया है कि टीवीके ने उनकी पार्टी के इकलौते विधायक के समर्थन का जाली पत्र प्रस्तुत किया है और कार्रवाई की मांग की है। मन्नारगुडी से निर्वाचित विधायक कामराज कुछ समय के लिए लापता हो गए लेकिन बाद में सामने आए और कल रात राज्यपाल से मिलने के लिए टीटीवी के साथ गए। श्री दिनाकरन ने विजय के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि पर्दे के पीछे कई तरह की जोड़-तोड़ चल रही है जिससे विधायकों की खरीद-फरोख्त भी शामिल है। ऐसे में वीसीके का वह फैसला और उसके बाद अर्लेकर की कार्रवाई तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य को तय करेगी कि विजय के नेतृत्व में सरकार बनती है या तमिलनाडु राष्ट्रपति शासन की ओर बढ़ेगा।

Comment List