समंदर में डूबने की कगार पर था जहाज, तभी पहुंचीं 2 नावें और बच गए 27 लोग
समुद्र के बीच फंसे 27 लोगों की अटकी थीं सांसें
भुवनेश्वर। ओडिशा में पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण (पीपीए) ने बंगाल की खाड़ी में फंसे मालवाहक जहाज एमवी विश्व उदय और उस पर सवार चालक दल के सभी 27 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पारादीप बंदरगाह से करीब 50 समुद्री मील दूर जहाज एमवी विश्व उदय में पानी घुस गया और प्रोपेलर शाफ्ट टूट गया, जिसके बाद भारतीय नौवहन निगम लिमिटेड (एससीआई) ने पीपीए से तुरंत मदद मांगी। इसके बाद प्राधिकरण ने नौवहन महानिदेशालय (डीजीएमए) की मंजूरी से दो नाव डॉल्फिन 25 और डॉल्फिन 20 को भेजा। दोनों नावें 16 नवंबर को दोपहर 12.30 बजे हार्बर मास्टर कैप्टन इंद्रनील मुखर्जी के नेतृत्व में रवाना हुयी।
उन्होंने बताया कि डॉल्फिन 25 ने अभियान का नेतृत्व किया, वहीं डॉल्फिन 20 ने मदद की। दोनों नावों ने मुश्किल में फंसे जहाज को सफलतापूर्वक खींचकर 17 नवंबर की सुबह तट की बाहरी सीमा से बाहर लंगर डाल दिया। प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशांत कुमार पुरोहित ने समुद्री विभाग और अभियान में शामिल टीम के त्वरित प्रतिक्रिया और मिलकर किए गए कामों की तारीफ की। उन्होंने समुद्री सुरक्षा, आपातकालीन तैयारी और संचालनात्मक तैयारी के महत्व पर •ाोर दिया।

Comment List