नैनीताल घूमने निकले थे युवक, रास्ते में काल बनकर आई खाई; एक व्यक्ति की मौत
कार के खाई में गिरने के बाद चीख-पुकार
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास देर रात्रि पर्यटकों की कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से बरेली के एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 4 लोग घायल हो गए। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के अनुसार शेखपुर, बरेली निवासी अनुज तिवारी 4 अन्य लोगों को साथ स्विफ्ट कार से नैनीताल घूमने आये थे। देर रात को उनकी कार निगलाट के पास अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही खैरना से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य चलाया गया। सभी को खाई से बाहर निकाला।
एसडीआरएफ के अनुसार चालक अनुज तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें सनी निवासी ग्राम मिल कॉपर, बरेली, रवि निवासी बरेली, संचित निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली और संदीप शर्मा निवासी बरेली शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए भवाली अस्पताल पहुंचाया गया। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।

Comment List