ट्रम्प की हार, भारतीय बाजार की बल्ले-बल्ले! सेंसेक्स 1600 अंक से अधिक उछला
चुनावी उलटफेर का भारत को फायदा
मुंबई। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत से उत्साहित निवेशकों की लिवाली से गुरुवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,700 अंक उछल गया। सेंसेक्स 1,609 अंक की बढ़त में 78,910 अंक पर खुला और कुछ ही देर में करीब 1,700 अंक चढ़कर यह 79,001.19 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 418 अंक की बढ़त में 24,378.05 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 424.35 अंक यानी 1.77 फीसदी ऊपर 24,384.95 अंक पर रहा।
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा है और डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत हुई है। इससे अमेरिकी कांग्रेस में रिपब्लिकन पार्टी अल्पमत में आ गई है। साथ ही, पश्चिम एशिया में भू-राजनैतिक स्थिति में सुधार की उम्मीद जगी है और कच्चा तेल बुधवार को 10 प्रतिशत से ज्यादा टूट गया। इन सभी कारकों से पूरी दुनिया में शेयर बाजार में निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ है।
घरेलू स्तर पर वृहत बाजार में भी सभी सूचकांक हरे निशान में रहे। रसायन को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांक भी फिलहाल ऊपर हैं। ऑटो, आईटी, वित्त, रियल्टी और सीमेंट सेक्टरों के सूचकांक दो से तीन प्रतिशत की बढ़त में हैं। बैंकिंग, मीडिया, धातु और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत चढ़े। सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पांच फीसदी से ज्यादा ऊपर हैं। मारुति सुजुकी का शेयर करीब पांच प्रतिशत और एशियन पेंट््स का सवा चार प्रतिशत से ज्यादा ऊपर है। महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटरनल, इंफोसिस, टेक मङ्क्षहद्रा, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर तीन से चार प्रतिशत की बढ़त में हैं। एनटीपीसी, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज और पावरग्रिड के शेयर फिलहाल लाल निशान में हैं।

Comment List