जयपुर डिस्कॉम की तैयारी, सब डिविजन स्तर पर 6 से 11 तक स्थापित होंगे नियंत्रण कक्ष
डिस्कॉम ने विद्युत तंत्र की क्षमता बढ़ाई
जयपुर। दीपावली पर जयपुर शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जयपुर विद्युत वितरण निगम ने दोनों सर्किलों में निगम के अभियंताओं ने जयपुर शहर में 33 केवी के 153 सब स्टेशन, 33 केवी के 238 फीडर, 11 केवी के 1424 फीडर, 373 पावर ट्रांसफार्मर और 18638 वितरण ट्रांसफार्मर में फैले विद्युत वितरण तंत्र की मेंटिनेंस का दावा किया है। इस दौरान जयपुर शहर सर्किल दक्षिण में 5.5 एमवीए के 7 पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर उन्हें 8.8 एमवीए में बढ़ाया है। साथ ही 24 नए डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इस प्रकार लोड क्षमता में कुल 31 एमवीए की वृद्धि की गई है। वहीं 11 केवी के 6 और 33 केवी के 4 नए फीडर बनाए गए हैं।
नॉर्थ एरिया में भी बढ़ाई क्षमता : शहर सर्किल उत्तर में 33 केवी के 71 ग्रिड सब स्टेशन, 33 केवी के 127 फीडर और 11 केवी के 670 फीडरों एवं 8879 डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफार्मरों का मेंटेनेन्स किया गया है। गत वर्ष शहर सर्किल-उत्तर में दीपावली पर पीक लोड 863 मेगावाट रहा था। इसे देखते हुए गत वर्ष की तुलना में इस बार 33 केवी के 4 नए फीडर और 11 केवी के 22 नए फीडर जोड़े हैं। वहीं डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफार्मर की संख्या में 306 की वृद्धि की है। इस दौरान एक नया 33/11 केवी सब-स्टेशन इस क्षेत्र में स्थापित हुआ है।
जीएसएस पर इंजीनियर्स और तकनीकी कार्मिक रहेंगे तैनात: एसई जयपुर शहर-दक्षिण मनोज गुप्ता और जयपुर शहर-उत्तर डी.के पुण्डीर ने बताया कि दीपावली पर 6 नवम्बर से 11 नवम्बर तक सभी 220 और 132 केवी सब-स्टेशनों पर अधिशाषी अभियन्ताओं एवं सहायक अभियन्ताओं की ड्यूटी लगाई है। साथ ही 33/11 केवी सब-स्टेशनों पर कनिष्ठ अभियन्ताओं और लोड सेंटर वाले ट्रांसफार्मरों पर तकनीकी कर्मचारियों के ड्यूटी आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही उपभोक्ता कॉल सेन्टर के टोल फ्री नंबर 18001806507, टेलिफोन नम्बर 0141-2203000 पर शिकायत करवा सकते हैं।

Comment List