अभिमन्यु-वाटसन ने की गोल वर्षा
मेफेयर की जीत में सिद्धांत, सिमरन चमके
साविर मेहराज गोदारा और विश्वरूप बजाज ने भी एक-एक गोल किया। ढाई गोल का एडवांटेज लेकर उतरी डेरा अश्वा के लिए दोनों मैदानी गोल नवीन सिंह ने किए।
खेप्र/नवज्योति, जयपुर। आसमान से गिर रही बादली फुहारों के बीच बुधवार को रामबाग पोलो मैदान पर अचीवर्स के अभिमन्यु पाठक और एलेक्स वाटसन ने जमकर गोलों की बरसात की, जिसकी बदौलत अचीवर्स ने बीएम बिड़ला पोलो कप मुकाबले में डेरा अश्वा को साढ़े चार के मुकाबले 17 गोलों से धो डाला। तीन गोल के अभिमन्यु पाठक और चार गोल के विदेशी खिलाड़ी एलेक्स वाटसन ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए अपनी टीम के लिए 7-7 गोल दागे। साविर मेहराज गोदारा और विश्वरूप बजाज ने भी एक-एक गोल किया। ढाई गोल का एडवांटेज लेकर उतरी डेरा अश्वा के लिए दोनों मैदानी गोल नवीन सिंह ने किए।
मेफेयर की जीत में सिद्धांत, सिमरन चमके
एक अन्य मैच में सिमरन शेरगिल, सिद्धांत शर्मा और अनय शाह के शानदार तीन-तीन गोलों की बदौलत मेफेयर पोलो ने वी पोलो को 9-7 से पराजित किया। वी पोलो की ओर से धुरंधर खिलाड़ी ध्रुवपाल गोदारा ने अकेले सभी सात गोल दागे लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके।
शमशीर ने भी की गोलों की बरसात
जेआरपीसी ग्राउण्ड पर खेले मुकाबले में हैदराबाद के शमशीर अली ने गोलों की बरसात करते हुए अकेले ही सात गोल दाग दिए। इसकी बदौलत कर्नल गिरधारी सिंह एएससी टीम ने बैंगलोर ग्रेस को 10-7 से पराजित किया। एएससी की ओर से शमशीर के अलावा सलीम आजमी ने तीन और लेफ्टिनेंट कर्नल यतीन्द्र कुमार ने एक गोल किया। पराजित टीम की ओर से क्रिस मैकेंजी ने पांच तथा अश्विनी शर्मा और अनिरुद्ध ने एक-एक गोल किया।

Comment List