LPU मामले में नया मोड़: सफाई वीडियो में दिखीं छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप, बोलीं- प्रशासन ने हमसे जबरन दिलवाया बयान
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बाद नया वीडियो जारी
जालंधर। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से कथित दुष्कर्म और आत्महत्या के मामले को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से जारी सफाई वाले वीडियो में दिखाई गई तीन छात्राओं ने अब कथित तौर पर नया वीडियो जारी कर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि उनसे प्रशासन के पक्ष में बयान देने को कहा गया था और उनकी सहमति के बिना वीडियो को काट-छांटकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। उनका दावा है कि इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर गालियों और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, छात्रों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच में सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और हॉस्टल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जांच में पांच छात्र प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है। तनाव के बीच विश्वविद्यालय ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए कक्षाएं स्थगित कर दी हैं और मिड-टर्म परीक्षाएं अनिश्चितकाल के लिए टाल दी हैं।

Comment List