खड़गे के बयान पर रिजिजू के सवाल का प्रणव झा ने दिया जवाब, जानें क्या बोले...?
चुनावी शुचिता और ईवीएम को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग हुई तेज
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश में हो रहे चुनावों को 'अवैध' बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी 'अवैध' करार दिया था, जिस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सवाल उठाते हुए पूछा था कि क्या लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी 'अवैध' हैं।
रिजिजू के इस सवाल पर खरगे के कार्यालय से संबद्ध कांग्रेस सचिव प्रणव झा ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर जवाब देते हुए उन्हें 'अवैध मंत्री जी' कहकर संबोधित किया। झा ने कहा, ''आप मल्लिकार्जुन खरगे जी के बयान का चयनात्मक इस्तेमाल कर रहे हैं, यानी आप उनके बयान के केवल एक हिस्से की बात कर रहे हैं।''
उन्होंने ईवीएम का उल्लेख करते हुए कहा कि ये वे मशीनें हैं जिन्हें भाजपा अपनी जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करती है- जीतने के लिए , त्रिशंकु सदन बनाने के लिए या चुनाव हारने के लिए। उन्होंने कहा "इसलिए पुराने, घिसे-पिटे और अब काम न करने वाले तर्कों के पीछे छिपना बंद कीजिए।''

Comment List