जानिए क्या है राजकाज में खास

जानिए क्या है राजकाज में खास

इस बार सिविल लाइन्स स्थित बंगला नंबर आठ के हालात कुछ बदले-बदले से हैं। हो भी क्यों ना, मामला ई-गवर्नेंस से जुड़ा है।

हालात बदले-बदले से
इस बार सिविल लाइन्स स्थित बंगला नंबर आठ के हालात कुछ बदले-बदले से हैं। हो भी क्यों ना, मामला ई-गवर्नेंस से जुड़ा है। अब देखो ना इन दिनों साहब की गोपनीयता को लेकर उनके आसपास रहने वाले भोपे तक परेशान हैं। चार महीने पहले तक तो ऐलान से पहले भोपे के जरिए बात बाहर तक आ जाती थी, लेकिन इस बार ऐनवक्त तक भी कयास लगाना मुश्किल है। भोपे भी इधर-उधर ताक-झांक करने के सिवाय कुछ नहीं कर पा रहे। यह दीगर बात है कि बाहर आकर वे डींग हांकने में कोई कसर नहीं छोड़ते, ताकि लोगों की गलतफहमी बरकरार रहे और उनका काम चलता रहे।

आगाज तूफान का
दिल्ली दरबार के चुनावों में 11 सीटों पर हार के बाद कमल पार्टी के नेताओं के मुंह बंद हैं। और जो बिना विचारे अपना मुंह खोलते हैं, उन्हें डांट-डपट मिलती हैं। नेता बदलने की बात करने वाले भी अपनी पूरी तैयारी में है, लेकिन वे समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या करें? उनके क्षेत्रों में भी कमल वाली पार्टी बुरी तरह हारी है। सूबे के चीफ की कुर्सी पर बैठे छोटे जोशी जी यह कह कर पहले ही आंख दिखा चुके हैं कि सत्ता के लोग बच नहीं सकते। लेकिन हम बता देते है कि समंदर की शांति तूफान का आगाज है।

चर्चा चाल, चरित्र और चेहरे की
कहावत है कि ठाले बैठे लोगों का दिमाग शैतान की तरह हो जाता है। कुछ इसी तरह का आज कल सरदार पटेल मार्ग स्थित बंगला नंबर 51 में बने भगवा वालों के ठिकाने में हो रहा है। गुजरे पांच साल बिना काम के बैठे भाई लोगों का दिमाग चाल, चरित्र और चेहरा की चर्चा में मशगूल है। राजनीति के जरिए व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ने वालों की उनकी तरफ से बनाई जा रही सूची भी रोजाना बढ़ती जा रही है। पच्चीस साल पहले साइकिलों से भाग दौड़ करने वाले भाई लोग अब तीस तीस लाख की लग्जरी कारों में घूम रहे हैं। आखिर मामला चाल, चरित्र और चेहरे से जुड़ा है। 

ट्रेनिंग मुखबंद की
दरबार के बाहर राजा के बिना हुक्म के कोई भी वजीर मुंह नहीं खोल सकता। कुछ इसी तरह के संकेतों से हमारे सूबे के वजीरों के चेहरों पर भी चिंता की लकीरें दिखाई देने लगी हैं। हमारे मरु प्रदेश के नेता काफी वाचाल हैं और यह आदत उनकी काफी पुरानी है। चूंकि उनका खान-पान भी खास है। छपास के रोगियों की तो अर्द्ध-रात्रि तक भी नींद गायब रहती है, लेकिन अब मामला उल्टा नजर आ रहा है। शेखावाटी के भाईसाहब अर्द्ध-रात्रि को भी हालचाल पूछ कर एक लाइन छापने की गुहार करते थे, वो अब देखते ही बगलें झांक कर निकल जाते हैं। राज का काज करने वालों ने इसका राज खोला तो अपने भी कान खड़े हो गए। उन बेचारों का कोई कसूर नहीं है, चूंकि उन्हें अभी से मुखबंद की ट्रेनिंग जो दी जा रही है। उनको साफ कहा गया है कि अंदर की बात की गंध खबर सूंघने वालों की नाक से कौसों दूर होनी चाहिए।

Read More क्या वैश्विक राजनीति का अखाड़ा बनेगा ग्रीनलैंड

इंतजार मैसेज का
वसूली के नाम पर जब से खाकी वाले कुछ साहबों पर गाज गिरी है, तब से राज का काज करने वालों में काफी चर्चाएं हैं। इन चर्चाओं के बाद झण्डे के नीचे बैठने वाले साहब भी काफी चिंतित हैं। पीएचक्यू का एक खेमा तो इस सुलटाऊ राजनीति तक से जोड़कर देख रहा है। सचिवालय के लंच केबिनों में साहब लोग बतियाते हैं कि राज ने छोटी सी बात को लेकर मैसेज तो सही दिया, लेकिन काश ऐसा ही संदेश दोनों हाथों से लूटने वालों के लिए देते तो बल्ले-बल्ले में कोई कसर नहीं रहती। खान और भूमाफियाओं के बाद बजरी माफियाओं से हाथ से हाथ मिलाकर चलने वालों की सीएमओ तक पहुंची सूची घटने का नाम ही ले रही।

Read More समुद्री जीवन के रक्षक : राष्ट्रीय पेंगुइन दिवस का महत्व

एक जुमला यह भी
सचिवालय में इन दिनों एक जुमला जोरों से चर्चा में है। चर्चा भी क्यूं ना हो मामला वास्तु दोष से जो जुड़ा है। लंच केबिनों में चर्चा है कि आजकल राज के रत्नों के साथ ही कुछ बड़े साहब भी पंडितों की सलाह पर काम कर रहे हैं। कुछ ने अपने तो अपने दफ्तर की बाहर लगी नेम प्लेट की डिजायन तक बदलने के साथ कुर्सी की दिशा भी मोड़ ली। एक साहब ने तो अपने आठ अक्षरों वाले नाम को छोटा कर छह में कर लिया। राज के दो रत्नों ने भी नेम प्लेट की डिजायन बदलवा दी। चर्चा है कि यह सब लंबे बालों और मोटे पेट वाले एक पंडितजी का किया धरा है।
   
एल एल शर्मा
(यह लेखक के अपने विचार हैं)

Read More जानें राज काज में क्या है खास 

Post Comment

Comment List

Latest News

गोरखपुर-गोंडा रेलखंड के मध्य ऑटोमैटिक सिगनल प्रणाली कार्य, 2 जोडी रेलसेवाएं बभनान स्टेशन पर ठहराव नहीं करेंगी गोरखपुर-गोंडा रेलखंड के मध्य ऑटोमैटिक सिगनल प्रणाली कार्य, 2 जोडी रेलसेवाएं बभनान स्टेशन पर ठहराव नहीं करेंगी
गोरखपुर–गोंडा रेलखंड में ऑटोमैटिक सिगनल प्रणाली के लिए नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके कारण...
कोकराझार में हिंसा: युवक की हत्या के बाद आगजनी और तनावपूर्ण स्थिति, 2 लोगों की मौत, 29 संदिग्ध हिरासत में, इंटरनेट सेवाएं बंद
घायल सैनिकों को नहीं बचा पा रहा यूक्रेन, खाने-पीने की भी कमी, रूस के कब्जे में बोला यूक्रेनी सैनिक
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को नोटिस जारी होने पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, बताया-सनातन परंपरा का अपमान
तीन बड़ी भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा उजागर : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के तकनीकी प्रमुख सहित 5 अभियुक्त गिरफ्तार, एसओजी की बड़ी कार्रवाई
भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई की अनूठी परंपरा, जोगाराम पटेल ने कहा- तीसरा बजट भी होगा माइलस्टोन, बजट सत्र ऐतिहासिक रहेगा
राजस्थान बिजनेस फोरम का गठन, राज्यपाल की गरिमामय उपस्थिति में भव्य उद्घाटन