ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति है मां

मां ममता की मूरत होती 

ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति है मां

मां एक ऐसा शब्द है, जिसमें पूरा ब्रम्हांड समा जाए।

मां एक ऐसा शब्द है, जिसमें पूरा ब्रम्हांड समा जाए। जब हम मां बोलने के लिए मुंह खोलते हैं, तो शब्द के उच्चारण के साथ ही पूरा मुंह भर जाता है। मां ममता की मूरत होती है। पूरी दुनिया के सभी धर्मों ने मां के रिश्ते को सबसे पवित्र माना है। अपने बच्चों के प्रति मां का प्यार, दुलार, समर्पण और त्याग अनमोल होता है। मां को सम्मान देने के लिए पूरी दुनिया में मई माह के दूसरे रविवार को मातृत्व दिवस के रूप में मनाया जाता है। ऐसे में इस साल 11 मई को मातृ दिवस मनाया जाएगा। एना जार्विस नामक अमेरिकन महिला ने अपनी समाज सेविका मां की स्मृति में 1908 में पहली बार मदर्स डे मनाया था। जिन्होंने महिलाओं के लिए काफी कार्य किए थे। 

मां को संस्कृत में मातर कहते है। मां ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति है, जिसके माध्यम से परमेश्वर अपने अंश द्वारा अपनी शक्ति का संचार और विस्तार करता है। पुराणों के अनुसार मां का अर्थ लक्ष्मी है। जिस प्रकार मां लक्ष्मी सृष्टि का पालन करती है, उसी प्रकार मां भी शिशु का पालन करती है। इस प्रकार मां को लक्ष्मी का स्वरूप माना गया। एक मत यह है कि इस सृष्टि का आरंभ मनु और शतरूपा नामक स्त्री-पुरुष के समागम से हुआ। मनु के नाम पर ही उनकी संतान को मनुज या मानव कहा गया। मनु की संतान को जिसने जन्म दिया उसे मां कहा गया। और इस प्रकार मां शब्द की उत्पत्ति हुई। दुनिया में मां की तुलना भगवान से की जाती है। भारत में गंगा नदी को पवित्र मान कर मां का दर्जा दिया जाता है, जो इस बात का संकेत है कि मां अपने आप में एक उपाधि है। कई धार्मिक ग्रंथों में जननी की महिमा का बखान मिलता है। मां होने का अर्थ है, उत्तरदायित्व और निस्वार्थता से पूरी तरह से अभिभूत होना। मातृत्व का मतलब है रातों की नींद हराम करना। 

मां भगवान की सबसे श्रेष्ठ रचना है। उसके जितना त्याग और प्यार कोई नहीं कर सकता है। मां विश्व की जननी है, उसके बिना संसार की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। मां ही हमारी जन्मदाता होती है और वही हमारी सबसे पहली गुरु होती है। इसीलिए हम धरती को भी धरती माता कहते हैं। जो अपने ऊपर हम सब का वजन उठाती है। अंतरराष्ट्रीय मातृत्व दिवस माताओं एवं मातृत्व का सम्मान करने वाला दिन होता है। एक मां सभी की जगह ले सकती है। लेकिन उनकी जगह कोई और नहीं ले सकता है। मां अपने बच्चों की हर प्रकार से रक्षा और उनकी देखभाल करती है। इसलिए मां को ईश्वर का दूसरा रूप कहा जाता है। मां वह शख्स होती है, जो नौ माह तक अपने बच्चे को कोख में रखकर जन्म देती है। उसके बाद उसका लालन-पालन करती है। कुछ भी हो जाए, लेकिन एक मां का अपने बच्चों के प्रति स्रेह कभी कम नहीं होता है। वह खुद से भी ज्यादा अपने बच्चों की सुख सुविधाओं को लेकर चिंतित रहती है। मां अपनी संतान की रक्षा के लिए बड़ी से बड़ी विपत्तियों का सामना करने का साहस रखती है। देखा जाए तो मातृ दिवस का इतिहास सदियों पुराना एवं प्राचीन है। यूनान में परमेश्वर की मां को सम्मानित करने के लिए यह दिवस मनाया जाता था। 

16वीं सदी में इंग्लैंड का ईसाई समुदाय ईशु की मां मदर मेरी को सम्मानित करने के लिए इस दिवस को त्योहार के रूप में मनाया जाने लगा। मदर्स डे मनाने का मूल कारण समस्त माताओं को सम्मान देना और एक शिशु के उत्थान में उसकी महान भूमिका को सलाम करना है। मातृत्व दिवस को आधिकारिक बनाने का निर्णय पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति वूडरो विलसन ने आठ मई 1914 को लिया था। राष्ट्रपति वुडरो विल्सन ने मई के दूसरे रविवार को मदर्स डे मनाने और मां के सम्मान में एक दिन के अवकाश की सार्वजनिक घोषणा की थी। वे समझ रहे थे कि सम्मान, श्रद्धा के साथ माताओं का सशक्तिकरण होना चाहिए। जिससे मातृत्व शक्ति के प्रभाव से युद्धों की विभीषिका रुके। तत्पश्चात हर वर्ष मई के दूसरे रविवार को मदर्स डे मनाया जाता है। वर्तमान में ये भारत के साथ यूके, चीन, यूएस, मेक्सिको, डेनमार्क, इटली, फिनलैण्ड, तुर्की, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जापान, बेल्जियम सहित कई देशों में मनाया जाता है। हर साल माताओं के प्रति अपने आदर और सम्मान को व्यक्त करने के लिए यह दिवस मनाया जाता है। हमारे देश में गाय को भी गौमाता कह कर पुकारते हैं, जो हमें अपना दूध पिला कर बड़ा करती है। 

Read More झुलसती संवेदनाएं और नाकाम होती व्यवस्था

मां हमारे जीवन की सबसे प्रमुख हस्ती होती है, जो बिना कुछ पाने की उम्मीद किए सिर्फ देती ही रहती है। मां का प्यार निस्वार्थ होता है, जो हम अपने पूरे जीवन में किसी और से प्राप्त नहीं कर सकते हैं। भारतीय संस्कृति तथा कुछ ग्रंथों के अनुसार मां शब्द की उत्पत्ति गोवंश से हुई। गाय का बछड़ा जब जन्म लेता है, तो उसके सर्वप्रथम रंभाने में जो स्वर निकालता है वह मां होता है। यानी कि बछड़ा अपनी जन्मदात्री को मां के नाम से पुकारता है। इस प्रकार जन्म देने वाली को मां कहकर पुकारा जाने लगा। शास्त्रों के अनुसार सर्वप्रथम बछड़े ने ही अपनी मां गाय को रंभाकर मां पुकारा और वहीं से इस शब्द की उत्पत्ति हुई। वाल्मीकि कहते हैं कि माता और मातृभूमि का स्थान स्वर्ग से भी ऊपर होता है और उनके चरणों में ही वैकुंठ धाम है। उन्होंने माता के महत्व को बताया है। उन्होंने कहा है कि माता के समान कोई छाया नहीं है और न ही उनके समान कोई सहारा है। 

Read More एआई के लाभ-हानि से बदलती जीवन रेखा

दुनिया में मां के समान कोई रक्षक नहीं और उनके समान कोई प्रिय वस्तु भी नहीं है। महाभारत में एक प्रसंग के दौरान युधिष्ठर कहते हैं कि माता का इस संसार में सबसे अधिक गौरवपूर्ण स्थान है। दुनिया में हर शब्द का अर्थ समझा और समझाया जा सकता है। लेकिन मां शब्द का अर्थ समझना और समझाना दोनों ही लगभग नामुमकिन है। मां शब्द का अर्थ समझाना इसलिए नामुमकिन है, क्योंकि मां के प्यार को मां के बलिदान को शब्दों में नहीं समझाया जा सकता। इसे सिर्फ अनुभव किया जा सकता है। मां के दिल में जितना प्यार अपने बच्चों के लिए होता है। अगर मां के सभी बच्चे कोशिश भी करें तो उसका कुछ अंश भी अदा नहीं कर सकते। मां शब्द की उत्पत्ति और अर्थ के बारे में कई मत हैं। ये एक अक्षर वाला मां संबोधन पूरे ब्रह्मांड में सबसे ताकतवर शब्द माना जाता है। 

Read More प्रदूषण से उड़कर बादलों में घुलते कीटनाशक

मां सिर्फ शब्द नहीं बल्कि एक भावना है। इसका वर्णन शब्दों में करना नामुमकिन है। मां वो है, जो न सिर्फ हमें जन्म देती है, बल्कि हमें जीना भी सिखाती है। मां शब्द का अर्थ है निस्वार्थ प्यार और बलिदान। मां भगवान का जीता जागता स्वरूप है। मां खुले दिल से अपने बच्चों का भरपूर ख्याल रखती है। मां वो होती है, जो खुद भूखी सो जाए, पर अपने बच्चों को भूखा रहने नहीं देती। उसे खुद कितनी भी तकलीफ हो, वो जताती नहीं और ऐसे में सिर्फ अपने बच्चों की ही सलामती की दुआ करती है। मां की ममता समुद्र से भी गहरी है।

-रमेश सर्राफ धमोरा
यह लेखक के अपने विचार हैं।

Post Comment

Comment List

Latest News

घने कोहरे से उत्तर, पूर्वी भारत में उड़ानें प्रभावित, एयरलाइनों ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी घने कोहरे से उत्तर, पूर्वी भारत में उड़ानें प्रभावित, एयरलाइनों ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी
घने कोहरे और खराब दृश्यता से दिल्ली, चंडीगढ़ व पटना समेत कई हवाई अड्डों पर उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयर...
कप्तान दुर्गाप्रसाद चौधरी की 119वीं जयंती मनाई, कार्यालयों में आयोजित किए गए कार्यक्रम
ईडी ने अंतरराष्ट्रीय तस्कर हकीमजादा के आतंकवाद नेटवर्क का​ किया खुलासा, आरोपपत्र दायर
मांगरोल में रिश्तों का खून : पारिवारिक कलह में बेटे ने बाप को धारदार हथियार से वार का मार डाला, दोनों के बीच लम्बे समय से चल रहा था विवाद
काम और जीवन के संतुलन की नई जरूरत
एथेनॉल फैक्ट्री के खिलाफ किसानों की महापंचायत, फैक्ट्री हटने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
दिल्ली प्रदूषण संकट पर लोकसभा में आज होगी चर्चा, प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी शुरूआत