आखिर कहां गए 46 लाख के दो तिरंगे झंडे
नगरपालिका ने बिना झंडे लगाए ही संवेदक को कर दिया भुगतान
पहले पालिका बोर्ड में विपक्ष सहित अन्य पार्षदों ने कड़ा विरोध किया था।
कापरेन। कापरेन नगर पालिका की ओर से दो तिरंगे झंडे 46 लाख रुपए से, लगाए जाने थे, झंडे लगाने का ट्रायल किया था तो पक्ष और विपक्ष के अधिकांश पार्षदों व आमजनों के विरोध स्वरूप पालिका प्रशासन ने दोनों लगे झंडे वापस उतार दिए। चिंता व चर्चा का विषय तो ये हैं कि झंडे ना पास किए जाने के बाद भी संवेदक को आधे से ज्यादा राशि का भुगतान भी कर दिया और अब तक कोई झंडा नहीं लगाया गया। जानकार बताते हैं कि कोटा उम्मेद भवन के पास लगा झंडा भी महज 14 लाख रुपए की लागत से लगाया गया था और यहां उससे महंगा ओर घटिया झंडा प्रति 23 लाख रुपए की लागत से लगाए जाने थे, जो लंबे समय से चर्चा का विषय बन गए हैं। पहले तो पालिका बोर्ड में विपक्ष सहित अन्य पार्षदों ने कड़ा विरोध किया था, लेकिन अब जब डेढ़ साल हो गए तो सभी लोग ( बोर्ड के सदस्य)झंडे के प्रकरण पर मौन क्यों हैं। डेढ़ वर्षों में कई बार पालिका चेयरमैन हेमराज मेघवाल को लोगों ने विरोध स्वरूप शिकायत भी की और कारण भी जानना चाहा किंतु वे भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। यही बात लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सामने भाजपा नेताओं व पार्षदों ने रखी थी।
इनका कहना है
नगर पालिका प्रशासन ने झंडे लगाए थे और दो दिन बाद ही वापस हटा दिए थे,आगे क्या हुआ ये मेरी जानकारी में नहीं हैं।
- हेमंत पंचोली, वाइस चेयरमैन व भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष।
इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है फिर भी मामले को गंभीरता से लेकर बात करेंगे।
- भूपेंद्र सिंह हाडा, जेईएन, नगर पालिका, कापरेन।
संवेदक ने पूरा कार्य नहीं किया था,झंडे लगाए तो पार्षदों व आमजनों के विरोध के बाद झंडे हटा दिए गए थे। भुगतान भी आधा ही किया गया है। कार्य पूरा करने के बाद झंडे लगाए जाएंगे उसके बाद ही शेष भुगतान किया जाएगा।,,
- लोकेश गौतम, लिपिक नगर पालिका कापरेन।
पहले में यहां था तो झंडे लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी और मेरे ट्रांसफर के बाद फिर क्या हुआ वो मेरी जानकारी में नहीं हैं। जानकारी लेकर बता पाऊंगा।,,
- प्रवीण कुमार शर्मा, ईओ नगर पालिका कापरेन।
ये समस्या या फिर लापरवाही जो भी है।जनता के पैसों का अनावश्यक दुरुपयोग या बंदरबांट होना नहीं चाहिए।
- राजेंद्र कुमार पाटनी, पूर्व पालिका चेयरमैन व वरिष्ठ भाजपा नेता।

Comment List