भजनलाल शर्मा ने किया हाइड्रोलिक प्लांट का उद्घाटन
विप्रो चेयरमैन अजीम प्रेमजी रहे मौजूद
जयपुर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने महिन्द्रा वर्ल्ड सिटी में विप्रो चेयरमैन अजीम प्रेम की मौजूदगी में हाइड्रोलिक प्लांट का विधिवत उद्घाटन किया। इससे पहले सीएम ने प्लांट का निरीक्षण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि विप्रो ने राजस्थान सरकार के साथ हुए समझौते के तहत उत्तर भारत का पहला हाइड्रोलिक प्लांट स्थापित कर क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उत्पन्न किए हैं। निवेश के लिहाज से राजस्थान अब कम्पनियों की पहली पसंद बनता जा रहा है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के लिए निवेशकों द्वारा दिखाई जा रही रुचि के चलते आगामी वर्षों में निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। सीएम ने कहा कि राजस्थान भारत के महत्वपूर्ण मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में सामने आया है। राजस्थान के विकास में योगदान देने और इसका हिस्सा बनने के लिए विप्रो का स्वागत है।
कंपनी ने करीब 250 करोड़ रुपये का निवेश किया
इस प्लांट की स्थापना के लिए कंपनी ने करीब 250 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे करीब 400 रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इस एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में एक ही छत के नीचे सभी क्रिटिकल-टू-क्वालिटी प्रोसेस को उपलब्ध कराया जाएगा। उत्तर भारत में विप्रो का पहला हाइड्रोलिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है, जिसके माध्यम से दुनिया में ग्राहकों को हाइड्रोलिक सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी।
नेक्स्ट-जनरेशन टेक्नोलॉजी का प्रयोग
नए प्लांट में नेक्स्ट-जनरेशन टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया गया है, जिसमें ऑटोमेटेड प्रोडक्शन लाइन, रोबोटिक आर्म, हाइली एडवांस्ड पेंट लाइन और मैटेरियल मूवमेंट के लिए ऑटोनोमस मोबाइल रोबोट (एएमआर) शामिल है। उत्तर भारत में अपने पहले मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के साथ अब भारत के 4 शहरों जयपुर, बेंगलुरु, चेन्नई और हिंदूपुर (आंध्र प्रदेश) में कंपनी की उपस्थिति हो गई है, जहां हाइड्रोलिक सिलेंडर बनाए जाते है। वैश्विक स्तर पर कंपनी के 16 प्लांट हैं।

Comment List