संपर्क हेल्पलाइन 181 का प्रमुख शासन सचिव ने किया निरीक्षण, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
शिकायतों के त्वरित निस्तारण को बढ़ावा मिल रहा
प्रमुख शासन सचिव गायत्री ए. राठौड ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश। पिछले वर्ष मेडिकल हेल्थ के 93.64%, मेडिकल शिक्षा के 93.90% और राशा के 93.27% मामलों का समाधान।
जयपुर। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा पंचायती राज (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री ए. राठौड ने सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को समयबद्ध समाधान मिल सके। निरीक्षण के दौरान मेडिकल हेल्थ, मेडिकल शिक्षा विभाग तथा राजस्थान राज्य स्वास्थ्य बीमा एजेंसी से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
आंकड़ों के अनुसार पिछले एक वर्ष में मेडिकल हेल्थ विभाग के 79,512 में से 93.64 प्रतिशत प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जबकि मेडिकल शिक्षा विभाग में 93.90 प्रतिशत और राशा में 93.27 प्रतिशत मामलों का समाधान हुआ। इस दौरान राठौड ने कंट्रोल रूम में परिवादियों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार अधिकारी निर्धारित तिथियों पर हेल्पलाइन पर उपस्थित होकर आमजन से सीधे संवाद कर रहे हैं, जिससे शिकायतों के त्वरित निस्तारण को बढ़ावा मिल रहा है।

Comment List