गैस सिलेंडर संकट गहराया, उपभोक्ता बेहाल: खोखले साबित हो रहे प्रशासनिक दावे, ब्लैक मार्केटिंग तेज
ब्लैकमंलिंग सबसे चिन्ताजनक पहलू
घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत गहराती जा रही है। शहरभर में एजेंसियों पर लंबी कतारें, देर से डिलीवरी और खाली हाथ लौटते उपभोक्ता आम दृश्य बन गए हैं। ब्लैक मार्केटिंग से हालात और बिगड़े हैं। होटल-ढाबों का काम प्रभावित है। प्रशासन के दावे बेअसर नजर आ रहे हैं, समाधान की मांग तेज हो गई है।
जयपुर। राजधानी जयपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत लगातार गंभीर होती जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से बार-बार आपूर्ति सुचारू होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन वास्तविकता दावों से बिल्कुल उलट दिख रही है। शहर के विभिन्न इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर रोजाना लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। सुबह से ही लोग बारी का इंतजार करते दिखाई देते हैं। कई उपभोक्ता तो रात से ही लाइन में लग जाते हैं, ताकि उन्हें समय पर सिलेंडर मिल सकें। इसके बावजूद भी बड़ी संख्या में लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। कामकाजी वर्ग और महिलाओं के लिए यह स्थिति और भी मुश्किल बन गई है, उनको घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। शहर झोटवाड़ा, विद्याधरनगर, शास्त्रीनगर, भट्टा बस्ती, मानसरोवर, त्रिवेणीनगर, सोडाला, सांगानेर, वैशाली नगर और मालवीयनगर में परेशानी अधिक देखने को मिल रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने कई दिनों पहले सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन डिलीवरी समय पर नहीं हो रही है। एजेंसियों पर संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
ब्लैकमंलिंग सबसे चिन्ताजनक पहलू
स्थिति का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग तेजी से बढ़ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जहां एक ओर उन्हें सामान्य दर पर सिलेंडर नहीं मिल रहा, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग अधिक कीमत देकर आसानी से सिलेंडर प्राप्त कर रहे हैं। इससे न केवल उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण हो रहा है, बल्कि व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ढाबों और होटलों में कामकाज प्रभावित
गैस संकट का असर केवल घरेलू उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे और मध्यम व्यवसायों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शहर के ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंट्स में कामकाज प्रभावित हो रहा है। कई छोटे व्यापारी गैस की कमी के कारण अपने प्रतिष्ठान समय से पहले बंद करने को मजबूर हैं, जिससे उनकी आय पर सीधा असर पड़ रहा है। मानसरोवर के एक होटल संचालक ने बताया कि गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिलने के कारण उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिससे लागत बढ़ रही है। वहीं, कुछ छोटे ढाबा संचालकों का कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो उन्हें अपना व्यवसाय बंद करना पड़ सकता है।
प्रशासन का रटा रटाया जवाब
गैस किल्लत को लेकर जिला प्रशासन का रटा रटाया जवाब है। उसका कहना है कि गैस आपूर्ति में कोई बड़ी समस्या नहीं है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, मांग में अचानक वृद्धि के कारण अस्थायी रूप से आपूर्ति प्रभावित हुई है। हालांकि, उपभोक्ताओं का मानना है कि यह केवल आश्वासन मात्र है और जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।
गैस संकट के ये हैं मुख्य कारण: मांग में अचानक बढ़ोतरी, आपूर्ति व्यवस्था में कमी, वितरण में अनियमितता और ब्लैक मार्केटिंग की बढ़ती घटनाएं।
उपभोक्ताओं पर यह पड़ रहा है असर: घंटों लाइन में इंतजार, समय पर सिलेंडर नहीं मिलना और अतिरिक्त पैसे देकर सिलेंडर खरीदने की मजबूरी
व्यवसायों पर यह पड़ रहा है असर: होटल और ढाबों का काम प्रभावित, लागत में वृद्धि और आय में कमी।
आपूर्ति शृंखला मजबूत करने की जरूरत
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की स्थिति से बचने के लिए आपूर्ति शृंखला को मजबूत करने की आवश्यकता है। साथ ही, ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त कार्रवाई करना भी जरूरी है, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह संकट और गहरा सकता है। ऐसे में प्रशासन के लिए यह आवश्यक हो जाता है कि वह केवल दावे करने के बजाय ठोस कदम उठाए और व्यवस्था को सुचारू बनाए।

Comment List