14 अक्टूबर को निकलेगी भगवान श्रीराम की भव्य बारात, मथुरा के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन
11 से 20 तक रामलीला महोत्सव, 51 फीट के रावण का होगा दहन
जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर में सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति की ओर से 11 से 20 अक्टूबर तक रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। रामलीला मैदान में होने वाले इस आयोजन में मथुरा के प्रसिद्ध कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का मंचन करेंगे। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 14 अक्टूबर को निकलने वाली श्रीराम की भव्य बारात और 20 अक्टूबर को 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा।समिति के अनुसार, जयपुर में रामलीला मंचन की समृद्ध परंपरा रही है। इस वर्ष इसे भव्य एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हुए नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और धार्मिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्राचीन मंदिर से निकलेगी राम बारात :14 अक्टूबर को राम विवाह प्रसंग के मंचन से पहले भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली जाएगी। बारात चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन श्रीरामचंद्रजी मंदिर से रवाना होकर छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार और बापू बाजार होते हुए न्यू गेट से रामलीला मैदान पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर शहरवासी बारात का स्वागत करेंगे।
मेले में झूले और खानपान की स्टॉल:रामलीला महोत्सव के दौरान मेले का भी आयोजन होगा। इसमें खानपान की विभिन्न स्टॉल के साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए झूलों की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन में विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के साथ विशिष्ट नागरिकों को भी जोड़ा गया है। प्रतिदिन साधु-संतों के आगमन से श्रद्धालुओं को रामलीला मंचन के साथ संत समागम का अवसर मिलेगा।महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जयपुर के विभिन्न मंदिरों एवं सामाजिक संगठनों में पोस्टर विमोचन करवाकर लोगों को आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

Comment List