लोकआस्था, प्रकृति उपासना और सूर्य साधना का महापर्व : छठ पूजा
प्राचीन सूर्य आराधना की लोकपरंपरा का विकसित स्वरूप छठ पर्व में
छठ पूजा भारतीय संस्कृति, लोकविश्वास, प्रकृति प्रेम, पारिवारिक मंगलकामना और आत्मानुशासन का अद्भुत संगम है। यह केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सूर्य, जल, पृथ्वी और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महान अवसर है। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व विशेष रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। अब इसकी लोकप्रियता देश के दूसरे राज्यों के साथ विदेशों तक भी पहुंच चुकी है। भारतीय संस्कृति में सूर्य उपासना का उल्लेख वैदिक साहित्य से मिलता है। ऋग्वेद में सूर्य, सविता और उषा की स्तुतियां की गई हैं। सूर्य को संसार की ऊर्जा, प्रकाश, जीवन और स्वास्थ्य का आधार माना गया है। इसी प्राचीन सूर्य आराधना की लोकपरंपरा का विकसित स्वरूप छठ पर्व में दिखाई देता है।
कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को इसका मुख्य पूजन होता है, इसलिए इसे छठ कहा जाता है। लोकपरंपरा में छठी मैया को सूर्यदेव की बहन भी माना जाता है। इसलिए सूर्य की उपासना के साथ छठी मैया की आराधना की जाती है। छठ पूजा चार दिवसीय पर्व है, जिसमें नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के माध्यम से सूर्यदेव एवं छठी मैया की आराधना की जाती है। व्रती लगभग 36 घंटे निर्जला उपवास रखते हैं। बांस के सूप, मौसमी फल, गन्ना, नारियल और गुड़-आटे से बने ठेकुए का विशेष महत्व है। यह पर्व श्रद्धा, पवित्रता, संयम और लोकआस्था का प्रतीक है। छठ पर्व में शारीरिक और मानसिक शुद्धता पर विशेष जोर दिया जाता है। व्रती को चारों दिन सात्त्विक आचरण करना चाहिए।
छठ पूजा का स्थान और घाटों का महत्व : छठ पूजा का सबसे सुंदर दृश्य नदी, तालाब, सरोवर और अन्य जलाशयों के किनारे देखने को मिलता है। व्रती जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। छठ पर्व यह संदेश भी देता है कि जलाशय केवल जल के स्रोत नहीं, बल्कि हमारे जीवन और पर्यावरण के आधार हैं। इसलिए उनकी स्वच्छता और संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
छठ पर्व का वैज्ञानिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व : छठ पूजा को धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रकृति और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता का पर्व भी माना जाता है। सूर्य पृथ्वी पर जीवन का मूल आधार है। सामाजिक दृष्टि से यह पर्व जाति, वर्ग और आर्थिक भेदभाव से ऊपर उठकर एकता का संदेश देता है। छठ घाटों पर अमीर-गरीब, छोटे-बड़े सभी एक साथ पूजा करते हैं। यहाँ किसी विशेष पुरोहित या मध्यस्थ की अनिवार्यता नहीं होती। व्रती स्वयं सूर्यदेव की उपासना करते हैं। यही इसकी सबसे बड़ी सामाजिक विशेषता है। इस पर्व में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे परिवार की सुख-शांति, संतान की दीर्घायु और समाज के कल्याण के लिए कठिन तप करती हैं। पुरुष भी बड़ी संख्या में व्रत रखकर इस परंपरा में भागीदारी निभाते हैं।
छठ के लोकगीतों में रची-बसी लोकसंस्कृति : छठ पूजा का एक महत्वपूर्ण पक्ष इसके पारंपरिक लोकगीत हैं। इन गीतों में मां की ममता, भाई-बहन का प्रेम, परिवार की खुशहाली, सूर्यदेव की महिमा और छठी मैया के प्रति श्रद्धा का भाव दिखाई देता है। 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए' और 'केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल' जैसे लोकगीत पीढ़ियों से इस पर्व की पहचान बने हुए हैं। छठ के अवसर पर मिट्टी के चूल्हे, बांस के सूप, दउरे और स्थानीय कृषि उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। इससे कुम्हार, बांस कारीगर, किसान, फल विक्रेता और छोटे व्यापारियों को रोजगार मिलता है।
आधुनिक दौर में छठ पर्व की बदलती तस्वीर : समय के साथ छठ पूजा का स्वरूप व्यापक हुआ है। बिहार और पूर्वांचल से रोजगार तथा शिक्षा के लिए देश के विभिन्न महानगरों में पहुंचे लोगों ने इस पर्व को अपनी सांस्कृतिक पहचान के रूप में जीवित रखा है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, भोपाल और अन्य शहरों में बड़े स्तर पर छठ पूजा आयोजित की जाती है। विदेशों में बसे भारतीय समुदाय भी इस परंपरा को पूरी श्रद्धा से निभाते हैं। लेकिन आधुनिकता के साथ कुछ चुनौतियां भी सामने आई हैं। नदियों और तालाबों में प्रदूषण, प्लास्टिक का प्रयोग, पूजा सामग्री का अनुचित निस्तारण और घाटों पर अव्यवस्था चिंता का विषय हैं। पूजा के बाद कचरा और पूजन सामग्री जलाशयों में नहीं डालनी चाहिए।
आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण का संकल्प : छठ महापर्व केवल सूर्य की आराधना और संतान की मंगलकामना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर है। यह हमें सिखाता है कि प्रकृति के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। सूर्य, जल, वायु, धरती और वनस्पतियां हमारे अस्तित्व के आधार हैं। अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देना इस बात का प्रतीक है कि हमें जीवन के प्रत्येक चरण का सम्मान करना चाहिए। वहीं उगते सूर्य की उपासना नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता का संदेश देती है। यह पर्व बताता है कि श्रद्धा केवल मांगने में नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, अनुशासन और समर्पण में भी निहित है। छठ पूजा भारतीय लोकसंस्कृति की ऐसी अनमोल धरोहर है, जिसमें धर्म, विज्ञान, पर्यावरण, सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों का सुंदर समन्वय दिखाई देता है। आवश्यकता है कि हम इस परंपरा को केवल उत्सव के रूप में न मनाएँ, बल्कि इसके मूल संदेश को अपने जीवन में उतारें। स्वच्छ जलाशय, स्वच्छ पर्यावरण, सामाजिक सद्भाव और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संकल्प ही छठ महापर्व की सच्ची सार्थकता है।
सुनील कुमार वाजपेयी 'शिवम्'
ये लेखक के अपने विचार हैं

Comment List