जयपुर एयरपोर्ट : इंडिगो ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, त्योहारों पर और महंगी होगी हवाई यात्रा
यात्रियों को टिकट के लिए और ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी
जयपुर। हवाई यात्रा करने वालों को अब जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ेगी। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों रूट्स पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है। त्योहारी सीजन में पहले ही किराए ऊंचे रहते हैं, ऐसे में इस बढ़ोतरी से हवाई किराए में और उछाल आने की आशंका है। विमान ईंधन (एटीएफ) की लगातार बढ़ती दरों को इस फैसले की वजह बताया गया है। घरेलू रूट्स पर सरचार्ज दूरी के आधार पर तय किया गया है। 500 किलोमीटर तक की उड़ान के लिए 375 रुपए, 1000 किलोमीटर तक के लिए 600 रुपए और 1500 किलोमीटर तक के लिए 900 रुपए सरचार्ज लगेगा। इसी तरह 2000 किलोमीटर तक की यात्रा पर 1150 रुपए, जबकि 2000 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा के लिए 1300 रुपए वसूले जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी की गई है। इन रूट्स पर यात्रियों को 1 हजार रुपए से लेकर 10 हजार रुपए तक फ्यूल सरचार्ज चुकाना होगा।
भारतीय विमानन बाजार में इंडिगो की हिस्सेदारी करीब 65 फीसदी है। बाजार में इतनी बड़ी पकड़ को देखते हुए माना जा रहा है कि अन्य एयरलाइंस भी जल्द ही अपने फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी कर सकती हैं। ऐसा हुआ तो त्योहारों के दौरान यात्रियों को टिकट के लिए और ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी।

Comment List