सौ फीसदी फिट होकर ही मैदान पर लौटना चाहते हैं खलील ,आईपीएल में लगी चोट के कारण 5 माह से है क्रिकेट से दूर
ट्रेनर विनय के साथ एसएमएस स्टेडियम में प्रैक्टिस के लिए आए
जयपुर। राजस्थान के तेज गेंदबाज खलील अहमद को जब आरसीए एकेडमी के नेट्स पर गेंदबाजी करते देखा तो बड़ा सुखद लगा। उम्मीद जगी है कि प्रदेश के टोंक जिले का ये स्टार बॉलर जल्दी ही एक्शन में नजर आएगा। लेकिन खलील बोले, चाहता तो मैं भी यही हूं पर सौ फीसदी फिट होकर ही ग्राउंड पर आऊंगा ताकि अपना बेस्ट दे सकूं। खलील चोट के कारण पिछले करीब 5 महीने से मैदान से दूर हैं। खलील अभी गेंदबाजी में अपनी लय और रफ्तार हासिल करने के साथ ही फिटनेस पर भी काम कर रहे हैं।
अभ्यास के बाद बातचीत में खलील ने कहा कि किसी भी क्रिकेटर को मैदान से दूर रहना अच्छा नहीं लगता। वे भी जल्द से जल्द फिट होकर मैदान पर लौटना चाहते हैं। खलील ने कहा, मैं चाहता हूं कि जल्द से जल्द 100 प्रतिशत फिट हो जाऊं और राजस्थान, आईपीएल या भारतीय टीम के लिए अपना बेस्ट दे सकूं। इसके लिए पूरी मेहनत कर रहा हूं। धीरे-धीरे गेंदबाजी की ताकत भी बढ़ा रहा हूं। हालांकि, पूरी तरह फिट होने में कितना समय लगेगा, यह अभी नहीं बता सकता।
राजस्थान की गेंदबाजी पर पड़ा असर : खलील के फिट नहीं होने से राजस्थान की तेज गेंदबाजी कमजोर हुई है। अनुभवी तेज गेंदबाज अनिकेत चौधरी भी चोट के कारण टीम से बाहर थे, लेकिन अब फिट होकर रणजी टीम में लौट आए हैं। दीपक चाहर के रेड बॉल क्रिकेट खेलने को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। वहीं, अशोक शर्मा राजस्थान छोड़ चुके हैं। तेज गेंदबाजों की कमी का असर रणजी ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों में भी दिखा। राजस्थान की टीम तमिलनाडु और रेलवे के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज नहीं कर सकी।
आईपीएल मैच में लगी थी चोट : खलील अहमद को 14 अप्रैल 2026 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान चोट लगी थी। अपना आखिरी ओवर डालते समय उनके पैर में खिंचाव आ गया था। जांच में दाहिनी जांघ की मांसपेशी के टेंडन में चोट और आंशिक रूप से फटने की पुष्टि हुई थी। चोट को ग्रेड-2 का बताया गया था। उस समय डॉक्टरों ने ठीक होने में 12 सप्ताह से ज्यादा लगने की संभावना जताई थी। अप्रैल के आखिर में खलील की सर्जरी भी हुई थी। खलील 5 महीने से एनसीए बैंगलोर में रिहैब में हैं और अपने फिजियो और ट्रेनर की ओर से हर दिन जो टास्क दिया जाता है उसे फालो कर रहे हैं। खलील धीरे-धीरे गेंदबाजी का अभ्यास कर रहे हैं। उनका लक्ष्य पूरी तरह फिट होकर जल्द मैदान पर वापसी करना है। जयपुर आने से पहले उन्होंने बैंगलोर और चेन्नई में भी प्रैक्टिस की।

Comment List