28 श्रेणी के वाहनों की अब आरटीओ-डीटीओ कार्यालयों में होगी फिटनेस, मैन्युअल फिटनेस कर सकेंगे परिवहन निरीक्षक
विभिन्न राज्यों की मांग के आधार पर मंत्रालय ने फैसला लिया
जयपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) ने 28 श्रेणी के वाहनों की फिटनेस को लेकर वाहन मालिकों को राहत दी है। अब इन वाहनों की फिटनेस निजी ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के बजाय आरटीओ-डीटीओ कार्यालयों में भी हो सकेगी। परिवहन निरीक्षक इन वाहनों की मैन्युअली फिटनेस कर सकेंगे। विभिन्न राज्यों की मांग के आधार पर मंत्रालय ने यह फैसला लिया है। दरअसल, कृषि और निर्माण क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले कई श्रेणी के वाहन निजी एटीएस की निर्धारित सूची में शामिल नहीं थे। इसके कारण इनकी फिटनेस नहीं हो पा रही थी और कई वाहन मालिक महीनों से परेशान थे।
मंत्रालय ने राज्यों को इन 28 श्रेणियों की सूची भेजी है। इसमें पहले से छूट प्राप्त वाहन श्रेणियां भी शामिल हैं। इनमें फोर्कलिफ्ट, रिंग लगे भारी वाहन, क्रेन माउंटेड व्हीकल, कृषि व कमर्शियल ट्रैक्टर, पावर टिलर, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट व्हीकल, रोड रोलर, एक्सकेवेटर, बुलडोजर, हार्वेस्टर, अर्थ मूविंग इक्विपमेंट, डम्पर, पुलर ट्रैक्टर, ट्रेलर, ऑक्जिलरी ट्रेलर, कमर्शियल ट्रेलर, ट्रैक्टर ट्रॉली, सेमी ट्रेलर और मॉड्यूलर हाइड्रोलिक ट्रेलर शामिल हैं। इसके अलावा निजी, कृषि व व्यक्तिगत उपयोग के ट्रेलर, ई-कार्ट और ई-रिक्शा की फिटनेस भी कार्यालयों में हो सकेगी।

Comment List