हमारा लक्ष्य राजस्थान की तस्वीर और तकदीर बदलना : भजनलाल शर्मा
सिविल सर्विस डे पर कार्यक्रम
कर्मयोगी कौशल विकास सप्ताह की शुरूआत लोक सेवकों को मिला मुख्यमंत्री उत्कृष्टता और राजस्थान संपर्क पोर्टल पुरस्कार
जयपुर। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाए रखने में लोक सेवकों की अहम भूमिका होती है। विकसित भारत व विकसित राजस्थान के निर्माण के लिए अन्तिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास की योजनाओं से लाभान्वित करना बेहद जरूरी है। इस कार्य के सफल क्रियान्वयन की जिम्मेदारी लोक सेवकों की है। वे सोमवार को झालाना डूंगरी स्थित हरिशचन्द्र माथुर राज्य लोक प्रशासन संस्थान में लोक सेवा दिवस पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति जब लोक सेवक के पास आता है तो पूर्ण जिम्मेदारी से उसकी हरसंभव मदद करनी चाहिए। गृह मंत्री रहे सरदार वल्लभभाई पटेल ने वर्ष 1947 में आज ही के दिन भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को संबोधित किया था। कहा था कि लोक सेवक स्टील फ्रेम यानी देश की शासन व्यवस्था की रीढ़ होता है।
सीएम ने अफसरों से कहा कि लोक प्रशासन में तकनीक और डिजिटल सेवाओं का अधिकतम उपयोग कर जनता को त्वरित राहत दें। हमने ग्राम स्तर तक ई-फाइल प्रणाली को लागू कर दिया गया है तथा सभी विभागों में ऑनलाइन पेपर लेस कार्य हो रहा है। संपर्क पोर्टल से डेढ़ करोड़ से अधिक शिकायतों का निस्तारण हुआ है। 33 लाख मामलों में से 99 प्रतिशत से अधिक निस्तारित हो चुके हैं। सुशासन के तहत किए गए नवाचारों, उत्कृष्ट कार्यों, संपर्क पोर्टल पर लोक शिकायतों के निस्तारण की विभाग, व्यक्तिगत, जिला श्रेणी में विभिन्न अधिकारियों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार-2025 एवं राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पुरस्कार प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर कर्मयोगी कौशल विकास सप्ताह की शुरूआत की। ओटीएस परिसर में फोटो गैलरी एवं सिविल सेवा अधिकारी संस्थान के मॉडल का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक उत्कल रंजन साहू, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरिजीत बनर्जी सहित वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे। वहीं सभी जिलों से लोक सेवक वीसी के माध्यम से जुड़े।
राइजिंग राजस्थान समिट से प्रदेश मजबूत बनेगा
सीएम ने कहा कि राज्य में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट आयोजित किया जिसमें निवेशकों द्वारा लगभग 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू किए हैं। 3 लाख करोड़ रुपए के एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग भी की जा चुकी है। रामजल सेतु और यमुना जल समझौते जैसे प्रोजेक्ट्स से पेयजल व सिंचाई के लिए भरपूर जल मिलेगा। आईजीएनपी के लिए 3 हजार 400 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
अफसर सम्मानित: उद्योग विभाग के प्रमुख शासन सचिव अजिताभ शर्मा, पेंशन विभाग निदेशक देवराज, आरएनटी मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल विपिन माथुर को सीएम एक्सीलेंस अवार्ड दिया गया। व्यक्तिगत श्रेणी मेंसंभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, आईएएस शुभम चौधरी, जोधपुर जिला परिषद सीईओ धीरज कुमार सिंह, अनिल बेनीवाल, भरतपुर उपवन सरंक्षक मानस सिंह, बीकानेर जेल अधीक्षक सुमन मालीवाल को सम्मानित किया। राजस्थान संपर्क पोर्टल में योगदान के लिए आईएएस वैभव गालरिया, नगर निगम ग्रेटर आयुक्त रूकमणी रियार, सुरेश कुमार ओला, प्रियंका गोस्वामी सम्मानित हुई। झालावाड़ कलक्टर अजय सिंह राठौड़, जोधपुर कलक्टर गौरव अग्रवाल, आईएएस कमर उल जमाल चौधरी, बालमुकंद असावा, बाडमेर के तत्कालीन कलक्टर निशांत जैन, प्रतापगढ़ कलक्टर अंजलि राजौरिया, इन्द्रजीत यादव को सम्मानित किया गया।
राजस्थान संपर्क पोर्टल में उत्कृष्ट कार्य करने पर कृषि आयुक्त सम्मानित
लोक सेवा दिवस-2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल सम्मान पुरस्कार के तहत कृषि आयुक्त चिन्मयी गोपाल को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। कृषि आयुक्त चिन्मयी गोपाल को यह सम्मान वर्ष 2024 में राज्य सरकार के संपर्क पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों को प्रभावी रूप से निस्तारण करने के उपलक्ष में दिया गया हैं। चिन्मयी गोपाल वर्ष 2014 बैच की आईएएस अधिकारी है। उन्होंने कलक्टर झुंझुनूं, टोंक, संयुक्त सचिव उद्योग विभाग, आयुक्त नगर निगम अजमेर सहित अन्य पदों पर रहते हुए प्रशासनिक सेवाएं दी है।

Comment List