पीएम मोदी 30 सितंबर को मुख्य सचिवों के साथ करेंगे बैठक, राजस्थान की केंद्रीय परियोजनाओं की होगी समीक्षा
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 सितंबर को शाम 6 बजे राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक करेंगे। इसमें प्रगति पोर्टल पर दर्ज राज्यों में संचालित केंद्रीय परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में राजस्थान से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों और योजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है। प्रस्तावित एजेंडे में अंबाजी-वाया तरंगा हिल वन विभाग परियोजना, सीकर-खेतड़ी में चौथे चरण की ट्रांसमिशन योजना, आगरा-ग्वालियर छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का विकास और पावरग्रिड की सिरोही-खाडवा ट्रांसमिशन परियोजना शामिल हैं। इसके अलावा लूणी-समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड के दोहरीकरण कार्य की प्रगति पर भी चर्चा हो सकती है।
बैठक में राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना, बीमा सेवाओं से जुड़े मुद्दों, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के मामलों तथा डिजिटल कृषि मिशन के तहत एग्रीस्टैक से संबंधित एजेंडों पर भी विचार-विमर्श संभावित है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे। बैठक की तैयारियों और एजेंडे पर चर्चा के लिए वे सोमवार को दोपहर 12 बजे सचिवालय में अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक करेंगे। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों से परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति और प्रगति की जानकारी ली जाएगी।

Comment List