सूखे की आहट के बीच पेयजल संकट से निपटने की तैयारी, टैंकरों से होगी पानी की आपूर्ति
करीब 20 प्रतिशत कम बारिश हुई
जयपुर। राज में कम बारिश के चलते 15 जिलों की 87 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के बाद जलदाय विभाग ने पेयजल संकट से निपटने की तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश में मानसून के दौरान औसत से करीब 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। ऐसे में आने वाले महीनों में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता बनाए रखना सरकार के सामने बड़ी चुनौती होगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जलदाय विभाग को आकस्मिक कार्ययोजना (कंटीजेंसी प्लान) के आधार पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिन गांवों में नियमित जलापूर्ति संभव नहीं होगी, वहां जरूरत के अनुसार टैंकरों से पानी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल परिवहन की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
इससे पहले विभाग ने संभावित पेयजल संकट वाले गांवों को चिह्नित करने, कुओं, ट्यूबवेल, बांधों और अन्य जलस्रोतों की स्थिति का आकलन करने की तैयारी की थी। आवश्यकता के अनुसार नए ट्यूबवेल खुदवाने, खराब मोटर-पंप बदलने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत जैसे कार्य भी प्रस्तावित हैं। ऊर्जा विभाग को पेयजल से जुड़े ट्यूबवेल के बिजली कनेक्शन प्राथमिकता से जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, अभी वास्तविक चुनौती इन तैयारियों को धरातल पर उतारने और गर्मी से पहले हर प्रभावित गांव तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की होगी।

Comment List