2024 में चुनाव जीते तो अग्निवीर योजना को कर देंगें बंद: अलका लांबा
'जिनके साथ पिछले 10 साल में अन्याय हुआ उनके लिए है न्याय यात्रा'
लांबा ने कहा कि मोदी सरकार ने लोगों को रोजगार देने की जगह उनसे रोजगार छीन लिया। किसानों के साथ पहले तीन काले कानून लाकर अन्याय किया।
जयपुर। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि राहुल गांधी की 14 जनवरी से शुरू हो रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा उन लोगों के लिए निकाली जा रही जिनके साथ पिछले 10 साल में अन्याय हुआ है।
लांबा ने कहा कि हम राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सफल बनाएंगे। मोदी सरकार ने लोगों को रोजगार देने की जगह उनसे रोजगार छीन लिया। किसानों के साथ पहले तीन काले कानून लाकर अन्याय किया। अब उनका कर्ज माफ करने में अन्याय कर रहे हैं। गुजरात के बिलकिस बानो केस में इनका अन्याय हाल ही में कोर्ट के जरिए सामने आया। इन्होंने बलात्कारियों को छोड़ा। इतना ही नहीं उनको सम्मानित भी किया। लांबा ने कहा कि मणिपुर में हिंसा तनाव अभी भी शांत नहीं हुआ है। उत्तर प्रदेश में बीएचयू में बेटी के साथ सामुहिक गैंगरेप हुआ। हरियाणा में पहलवान बेटियों को न्याय नहीं दिया और बृजभूषण आज भी खुला घूम रहा है।
'2024 में जीते तो अग्निवीर योजना बंद करेंगे'
2024 चुनाव में हम जीतते ही अग्निवीर योजना को बंद कर देंगे। पूर्व सैनिक आज भी जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं। हम चुनाव की दहलीज पर खड़े हैं। कांग्रेस इंडिया अलायंस के दलों के साथ मजबूती से लड़ाई लड़ेगी। कई राज्यों में कांग्रेस और भाजपा की सीधी टक्कर है। कुछ राज्यों में सीटों का बंटवारा होने जा रहा है। संसद में मनचाहे बिल लाए और विपक्षी सांसदों को संसद से बाहर कर दिया। हिट एंड रन कानून को तानाशाही तरीके से कृषि कानून की तरह लागू किया। ट्रक ड्राइवर जब सड़कों पर आए तो कानून को रोकना पड़ा।
मणिपुर में न्याय यात्रा को अनुमति न देना लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश: लांबा
अलका ने कहा कि न्याय यात्रा से जुड़ने वालों को न्याय योद्धा कहा जाएगा। 9891802024 पर मिस्ड कॉल देकर कोई भी व्यक्ति भारत जोड़ो न्याय यात्रा में जुड़ सकता है। मणिपुर में न्याय यात्रा को अनुमति नहीं मिलने के सवाल उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास है। मणिपुर जल रहा है लेकिन पीएम मोदी लक्षद्वीप में कुर्सी लगाकर फोटो खिंचवा रहे है। हमारी यात्रा मणिपुर से ही शुरू होगी। मोदी सरकार जितना दबाएगी हम उतना ही यात्रा निकालने के लिए अड़े रहेंगे। यह यात्रा राजनीतिक नहीं है, फिर भी अड़ंगा लगा रहे हैं।
'जिस दिन भगवान राम का बुलावा आएगा, हम दौड़े जाएंगे'
राम मंदिर के राजनीतिक या गैर राजनीतिक होने के सवाल पर लांबा ने कहा कि राम मंदिर सभी हिन्दूओं का है। धर्मगुरु शंकराचार्य वहां नहीं जाने की बात कहकर खुद को अपमानित महसूस होना मान रहे हैं। राम मंदिर के निमंत्रण भाजपा वाले तय कर रहे हैं। भगवान राम का जिस दिन बुलावा आएगा, हम सब दौड़े चले जाएंगे। भगवान श्रीराम का राजनीतिकरण करके चुनाव लड़ना चाह रहे हैं। राजनीति का धर्म होना चाहिए लेकिन धर्म की राजनीति नहीं होनी चाहिए।
'चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं लगता'
राम मंदिर के मुद्दे पर जल्दी चुनाव घोषणा की संभावना पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं लगता। अधिकांश सरकारी एजेंसी दबाव में काम कर रही हैं। राजस्थान में बीच चुनाव में ईडी, इंकम टेक्स, सीबीआई जैसी संस्थाएं हमारे नेताओं से पूछताछ करने आई। अब लोकसभा चुनाव के हिसाब से पूछताछ के लिए राज्यों में कार्रवाई हो सकती है। इसीलिए हम कह रहे हैं कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है।
Comment List