बनास नदी पर बना राजस्थान का सबसे लंबा हाई-लेवल ब्रिज, 134.74 करोड़ की लागत से तैयार
बारिश में भी पीपलू, मालपुरा, टोडारायसिंह, फागी और अजमेर क्षेत्र का आवागमन रहेगा सुगम
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क परिवहन को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बनास नदी के गहलोद में सार्वजनिक निर्माण विभाग ने 134 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से राजस्थान का सबसे लंबा हाई-लेवल ब्रिज तैयार किया है। सीआरआईएफ के माध्यम से निर्मित यह पुल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और जनसुविधाओं में बड़ा बदलाव लाएगा। कुल 3.34 किलोमीटर लंबे इस ब्रिज में 2 किलोमीटर का मुख्य पुल और 1.34 किलोमीटर का एप्रोच मार्ग शामिल है। करीब 243 टन भार क्षमता वाले पुल के मुख्य हिस्से में 40 मीटर के 50 स्पान बनाए गए हैं। पुल की लोड टेस्टिंग पांच चरणों में सफलतापूर्वक पूरी की गई।
परीक्षण के दौरान यातायात बंद रखकर प्रत्येक घंटे डिफ्लेक्शन की निगरानी की गई। भार हटाने के बाद संरचनात्मक रिकवरी 92 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि 85 प्रतिशत या इससे अधिक रिकवरी संतोषजनक मानी जाती है। अब तक बारिश में पुराना रपटा जलमग्न और क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बाधित होता था। टोंक जाने के लिए 30 से 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। नए पुल से वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा।

Comment List