ग्रेड-6 फेशियल नर्व पाल्सी और लैबिरिंथाइन फिस्टुला का सफल इलाज
डॉ. अमित नाहटा और टीम ने किया सफल ऑपरेशन
जयपुर। सीके बिरला हॉस्पिटल्स, जयपुर में 55 वर्षीय महिला का जटिल सर्जरी के जरिए सफल उपचार किया गया। महिला ग्रेड-6 फेशियल नर्व पाल्सी के साथ लैबिरिंथाइन फिस्टुला से पीड़ित थी। इसके कारण चेहरे की नस पूरी तरह लकवाग्रस्त हो गई थी और उसे लगातार तेज चक्कर की समस्या हो रही थी। अस्पताल के वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ. अमित नाहटा और उनकी टीम ने फेशियल नर्व डिकम्प्रेशन के साथ लैबिरिंथाइन फिस्टुला की मरम्मत की। सर्जरी के बाद मरीज के चेहरे की नस की कार्यक्षमता सामान्य हो गई और लगातार हो रहा वर्टिगो भी समाप्त हो गया।
डॉ. नाहटा ने बताया कि हाउस-ब्रैकमैन ग्रेडिंग में ग्रेड-6 फेशियल नर्व पाल्सी सबसे गंभीर अवस्था होती है। इसमें चेहरे की मांसपेशियों की स्वैच्छिक गतिविधि पूरी तरह खत्म हो जाती है। चेहरा एक तरफ झुकने के साथ आंख बंद करने, बोलने और खाने-पीने में परेशानी हो सकती है। आंख पूरी तरह बंद नहीं होने पर उसकी सतह को नुकसान का खतरा भी रहता है। मरीज में लैबिरिंथाइन फिस्टुला के कारण चक्कर, असंतुलन और मितली की समस्या भी थी। डॉक्टरों के अनुसार, ऐसी सर्जरी में चेहरे की नस और कान के अंदर की संवेदनशील संरचनाओं को सुरक्षित रखना चुनौतीपूर्ण होता है। समय पर जांच और विशेषज्ञ उपचार से जटिल मामलों में बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।

Comment List