आकार लेने लगी देश की पहली बुलेट ट्रेन, बी-28 के निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार; रेल मंत्री ने बेंगलुरु की आदित्य निर्माण इकाई में लिया जायजा
कारबॉडी से लेकर सीटों और तकनीकी सिस्टम की गुणवत्ता परखी
जयपुर। भारत की पहली बुलेट ट्रेन अब आकार लेने लगी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु स्थित आदित्य निर्माण इकाई का दौरा कर बुलेट ट्रेन बी-28 के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ट्रेन निर्माण के लिए विकसित विशेष बुनियादी ढांचे और आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का जायजा लिया।
मंत्री ने कारबॉडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सटीक इंजीनियरिंग वाले जिग्स और फिक्स्चर का निरीक्षण किया। साथ ही अंडरफ्रेम, साइडवॉल, रूफ असेंबली, कार असेंबली, सतह की तैयारी और ट्रीटमेंट जैसे उत्पादन के प्रमुख चरणों को देखा।
उन्होंने कारबॉडी की मजबूती जांचने के लिए किए जाने वाले स्क्वीज टेस्ट का प्रदर्शन भी देखा। इसमें नियंत्रित दबाव और खिंचाव डालकर संरचनात्मक मजबूती, कठोरता और आकार की स्थिरता जांची जाती है। वैष्णव ने हाई-स्पीड यात्रा के दौरान यात्रियों को मिलने वाली सुविधा के लिहाज से सीटों का निरीक्षण किया। इसके अलावा हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग सिस्टम, कपलर तथा अन्य उपकरणों और असेंबलियों की समीक्षा की। उन्होंने साइड मॉड्यूल और रूफ मॉड्यूल के निर्माण के साथ इनके इंटीग्रेशन और अंतिम असेंबली प्रक्रिया का भी जायजा लिया।

Comment List